एक्शन मोड में सीएम: चारधाम यात्रा से पहले 'ग्राउंड जीरो' पर उतरे मुख्यमंत्री धामी, सुरंग और जवाड़ी बाईपास का किया औचक निरीक्षण
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा के आगाज से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। यात्रा तैयारियों को अंतिम रूप देने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री आज खुद 'ग्राउंड जीरो' पर उतरे। रुद्रप्रयाग पहुंचे मुख्यमंत्री ने जवाड़ी बाईपास से केदारनाथ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण शुरू किया और व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से केदारनाथ-बदरीनाथ मार्ग पर नवनिर्मित करीब 900 मीटर लंबी सुरंग का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरंग के भीतर लाइटिंग, वेंटिलेशन और सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले मार्ग पर किसी भी प्रकार की बाधा न रहे और तीर्थयात्रियों को जाम व अन्य असुविधाओं से बचाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी और केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़े लहजे में कहा कि यात्रा व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सड़क सुधारीकरण, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए। निरीक्षण कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री रुद्रप्रयाग स्थित भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार एक सुरक्षित और सुगम चारधाम यात्रा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी आह्वान किया कि वे सेवा भाव के साथ अतिथियों के स्वागत के लिए तैयार रहें। मुख्यमंत्री का यह औचक दौरा दर्शाता है कि सरकार इस बार की यात्रा को रिकॉर्डतोड़ और निर्बाध बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है।