सीएम पुष्कर सिंह धामी नैनीताल को नजरअंदाज न करें,शहर को लूटने से बचाओ,नैनीताल आकर स्थानीय लोगों से संवाद करें: पुनीत टंडन
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल के संरक्षण और स्थानीय समस्याओं को लेकर मां नयना देवी व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से नैनीताल आकर स्थानीय लोगों से सीधे संवाद करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में संवाद कर रहे हैं, ऐसे में नैनीताल के लोगों के बीच आकर यहां की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने की भी जरूरत है।

पुनीत टंडन ने कहा कि नैनीताल बेहद संवेदनशील परिस्थितियों से गुजर रहा है और इसके संरक्षण को प्रदेश की आगामी रणनीति में प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि नैनीताल के प्रति संवाद और संवेदनशीलता बनाए रखें तथा शहर की वास्तविक स्थिति को प्रत्यक्ष रूप से समझने के लिए यहां आएं। उनके मुताबिक व्यापारियों की समस्याओं से लेकर स्थानीय निवास, नैनीताल झील, लोअर माल रोड, अपर माल रोड और आपदा से जुड़े मुद्दे लगातार गंभीर बने हुए हैं।
उन्होंने कहा कि नैनीताल जैसे संवेदनशील शहर की समस्याओं का समाधान केवल कागजी कार्रवाई और औपचारिक निरीक्षणों से नहीं हो सकता। मुख्यमंत्री को स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुननी चाहिए और शहर में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। टंडन ने विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि नैनीताल में काम के नाम पर होने वाली कथित खानापूर्ति और अनियमितताओं पर रोक लगनी चाहिए।
पुनीत टंडन लंबे समय से नैनीताल से जुड़े जनसरोकार के मुद्दों को लेकर आवाज उठाते रहे हैं और ‘नैनीताल बचाओ, मॉल रोड बचाओ’ अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। बीते दिनों उन्होंने मॉल रोड की स्थिति जल्द सुधारने की मांग को लेकर टेंट लगाकर धरना-प्रदर्शन भी किया था। उनका आरोप रहा है कि मरम्मत और विकास कार्यों के नाम पर खानापूर्ति नहीं, बल्कि स्थायी समाधान की जरूरत है।