• Home
  • News
  • CM Samrat Chaudhary’s blunt message to criminals: Yogi Baba is in UP, Suvendu Dada is in Bengal, and I am here in Bihar—now, the only escape route left is to flee to Nepal.

अपराधियों को सीएम सम्राट चौधरी की दोटूक: यूपी में योगी बाबा, बंगाल में शुभेंदु दादा और बिहार में मैं बैठा हूं,अब सिर्फ नेपाल ही भागने का रास्ता बचा

editor
  • Tapas Vishwas
  • June 17, 2026 08:06 AM
CM Samrat Chaudhary’s blunt message to criminals: Yogi Baba is in UP, Suvendu Dada is in Bengal, and I am here in Bihar—now, the only escape route left is to flee to Nepal.

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में पूरी तरह 'सुशासन' कायम करने के अपने संकल्प को एक बार फिर पुरजोर तरीके से दोहराया है। उन्होंने अपराधियों और कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाले तत्वों को बेहद कड़े और आक्रामक लहजे में चेतावनी दी है। मुख्यमंत्री ने साफ कर दिया कि उनकी सरकार में अपराधियों के लिए बिहार की धरती पर कोई जगह नहीं बची है। उन्होंने तल्ख अंदाज में कहा कि अब अगर अपराधियों को अपनी जान बचानी है, तो उन्हें देश छोड़कर नेपाल ही भागना पड़ेगा। फुलवारीशरीफ के ग्राम-नदियावां में आयोजित 'प्रखण्ड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर' कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के तेवर बेहद तल्ख नजर आए। उन्होंने जनसभा में मौजूद लोगों के सामने हुंकार भरते हुए कहा, "मेरी सरकार में किसी 'माई के लाल' में इतनी कूबत नहीं है कि वह कानून के साथ खिलवाड़ कर सके।

मुख्यमंत्री ने अपराधियों के भागने के सारे रास्तों के बंद होने का जिक्र करते हुए कहा कि अब तो बदमाशों को नेपाल में ही जाकर शरण लेनी होगी, क्योंकि बिहार के साथ-साथ अब हमारे पड़ोसी राज्यों में भी उनके लिए कोई जगह नहीं बची है। अपने चिरपरिचित अंदाज में विपक्ष और अपराधियों पर बरसते हुए सम्राट चौधरी ने कहा, "जो अपराधी है, उसे तो हर हाल में बिहार छोड़ना ही होगा। उसे यहां कोई नहीं बचा सकता। अब तो नेपाल भागने के अलावा कोई दूसरा उपाय नहीं है, क्योंकि एक तरफ उत्तर प्रदेश में योगी बाबा हैं, बगल में बंगाल में शुभेंदु दादा बैठ गए हैं और यहां बिहार में खुद सम्राट चौधरी बैठा है।" मुख्यमंत्री ने दावा किया कि बिहार पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार ताबड़तोड़ अभियान चला रही है, जिसके चलते आज कोई भी अपराध करने वाला बच नहीं रहा है और सीधे सलाखों के पीछे पहुंच रहा है। मंच से जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भी सरकार की प्राथमिकता को स्पष्ट किया। उन्होंने बिहार की आधी आबादी को भरोसा दिलाते हुए कहा, "मैं बिहार की सभी महिलाओं और बहन-बेटियों को पूरी तरह आश्वस्त करना चाहता हूं कि आपकी सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी आपके इस भाई सम्राट चौधरी की है।" उन्होंने कहा कि नारी सुरक्षा और सुशासन को हर हाल में कायम रखने के लिए सरकार आगे भी सभी जरूरी और कड़े फैसले लेने से पीछे नहीं हटेगी। मुख्यमंत्री ने हाल ही में हुए भोजपुर एनकाउंटर का हवाला देते हुए पुलिस की मुस्तैदी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि उन्होंने एक वीडियो देखा जिसमें एक युवक पुलिसकर्मियों पर सरेआम पिस्टल ताने खड़ा था, लेकिन हमारी बहादुर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पैर में गोली मारकर दबोच लिया और अस्पताल पहुंचाया। हालांकि पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पैर में गोली खाने वाला वह युवक मानसिक रूप से परेशान बताया गया है।


संबंधित आलेख: