कॉमनवेल्थ गेम्सः जब भारतीय खिलाड़ियों की एंट्री पर गूंजा स्टेडियम! शान से तिरंगा लहराते हुए आगे-आगे चले सिंधु-मनप्रीत, गर्व से चौड़ा हुआ हर भारतीय का सीना
नई दिल्ली। देर रात इंग्लैंड के बर्मिंघम शहर में 22वें कॉमनवेल्थ गेम्स का भव्य आगाज हो गया। ओपनिंग सेरेमनी के दौरान प्रिंस चार्ल्स द्वारा महारानी एलिजाबेथ का संदेश पढने के साथ ही खेलों की शुरूआत हुई। इस दौरान करीब 30 हजार दर्शकों की मौजूदगी में रंगारंग कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। अब 11 दिनों तक दुनिया के 72 देशों के 5 हजार से ज्यादा एथलीट जलवा दिखाते नजर आएंगे। बता दें कि खेलों के इस महाकुंभ में भारत के 213 खिलाड़ी 16 खेलों में शिरकत करेंगे। भारत 18वीं बार इस खेल में भाग ले रहा है।
परेड में जैसे ही भारतीय दल को आवाज दी गई पूरा स्टेडियम शोर से गूंज उठा। दर्शकों ने भारतीय खिलाड़ियों को जोरदार तरीके से स्वागत किया। ओपनिंग सेरेमनी में बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु और हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह भारत के ध्वजवाहक रहे। नीरज चोपड़ा के चोटिल होने के कारण पीवी सिंधु ध्वजवाहक बनीं। सिंधु दो बार की ओलिंपिक मेडलिस्ट हैं। उन्होंने 2016 रियो ओलिंपिक में बैडमिंटन में सिल्वर और टोक्यो ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने परेड की शुरुआत की। वहीं, मेजबान इंग्लैंड की एंट्री के साथ सभी देशों की परेड खत्म हुईं। इंग्लैंड की टीम लाल और सफेद रंग के कपड़ों में नजर आई।

ओपनिंग सेरेमनी देखने आए इंग्लैंड के बच्चों ने अद्भुत मिसाल पेश की। वो भारत के तिरंगे के साथ नजर आए। वहीं, 1970 के दशक के सुपरहिट ब्रिटिश बैंड ब्लैक सबैथ के लीड गिटारिस्ट रहे टोनी इयोमी की धुन पर डांसर्स ने परफॉर्म किया। बर्मिंघम में जन्मे इयोमी ही बैंड की शुरुआत करने वालों में से एक थे।

