असम की अस्मिता पर प्रहार कर रही कांग्रेस, सत्ता में आई तो घुसपैठियों के लिए लाएगी काला कानून: पीएम मोदी
गोगामुख (असम)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को असम के धेमाजी जिले के गोगामुख में एक विशाल चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का मुख्य एजेंडा असम की जनसांख्यिकी को बदलना और घुसपैठियों को संरक्षण देना है। उन्होंने आगाह किया कि यदि कांग्रेस राज्य में सत्ता में लौटती है, तो वह घुसपैठियों की रक्षा के लिए विशेष कानून लाएगी, जिसे भाजपा और उसके सहयोगी दल कभी सफल नहीं होने देंगे। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर देश को बांटने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी नीति बिल्कुल वैसी ही है जैसी विभाजन के समय 'मुस्लिम लीग' की थी। उन्होंने कहा, "कांग्रेस का लक्ष्य बहुसंख्यक समुदाय को अल्पसंख्यक में बदलना और घुसपैठियों का एक स्थायी वोट बैंक तैयार करना है। कांग्रेस नेता अब खुलेआम कह रहे हैं कि वे घुसपैठियों की सुरक्षा के लिए नया कानून लाएंगे।" पीएम ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहेब आंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान को भी चोट पहुँचाई है।
गांधी परिवार और गौरव गोगोई के परिवार पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लिए केवल दो ही परिवार सर्वोपरि हैं एक दिल्ली में और दूसरा असम में। उनकी प्राथमिकता जनता का विकास नहीं, बल्कि अपने परिवारों का हित साधना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा सत्ता में आने पर असम की पहचान की रक्षा के लिए समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करेगी और छठी अनुसूची के तहत जनजातीय समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। ब्रह्मपुत्र नदी पर बने पुलों का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने 60-65 वर्षों में केवल तीन पुल बनाए, जबकि भाजपा ने महज 10 साल में पांच पुल बनाकर लोगों का जीवन आसान कर दिया है। उन्होंने घोषणा की कि भाजपा सरकार असम को बाढ़ मुक्त बनाने के लिए 1,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम कर रही है और सुबनसिरी जलविद्युत परियोजना इसमें मील का पत्थर साबित होगी। प्रधानमंत्री ने वादा किया कि आने वाले समय में 'लखपति' महिलाओं की संख्या 3 लाख से बढ़ाकर 40 लाख की जाएगी। साथ ही, 15 लाख और गरीब परिवारों को पक्के मकान देने की गारंटी दी। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा कि असम की जनता के आशीर्वाद से भाजपा जीत की 'हैट्रिक' लगाएगी, जबकि कांग्रेस हार का 'शतक' पूरा करेगी। बता दें कि असम की 126 सीटों के लिए 9 अप्रैल को मतदान होना है, जिसके नतीजे 4 मई को आएंगे।