राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे को लेकर कांग्रेस में उत्साह! ऊधम सिंह नगर से दो हजार कार्यकर्ता होंगे शामिल, तैयारियों में जुटे कांग्रेस पदाधिकारी
रुद्रपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रदेशभर में कांग्रेस संगठन सक्रिय हो गया है। आगामी 4 जून को राहुल गांधी के उत्तराखंड आगमन को देखते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में ऊधम सिंह नगर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा भी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की जा रही है। रुद्रपुर स्थित सिटी क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष हिमांशु गाबा ने राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि जिले से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता इस आयोजन में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि ऊधम सिंह नगर से लगभग 20 बसों के अलावा निजी वाहनों के माध्यम से दो हजार से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी के कार्यक्रम में पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह दौरा संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। पार्टी कार्यकर्ताओं में राहुल गांधी के आगमन को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी स्तरों पर जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता वर्तमान समय में विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान है। ठुकराल ने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। यही कारण है कि जनता का झुकाव लगातार कांग्रेस की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया जोश और उत्साह भरने का कार्य करेगा।
अल्मोड़ा में होगा संगठनात्मक संवाद
कांग्रेस नेताओं के अनुसार राहुल गांधी 4 जून को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचेंगे। अपने दौरे के पहले दिन वह अल्मोड़ा में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जहां कांग्रेस के वर्तमान और पूर्व विधायकों, सांसदों, पूर्व सांसदों तथा पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ संवाद करेंगे। बताया जा रहा है कि इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने, आगामी चुनावी रणनीति और प्रदेश के राजनीतिक हालात पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। राहुल गांधी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर संगठन की जमीनी स्थिति की जानकारी भी लेंगे। राहुल गांधी अपने दौरे के दूसरे दिन यानी 5 जून को राजधानी देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। कांग्रेस संगठन इस कार्यक्रम को लेकर विशेष तैयारियां कर रहा है। प्रदेशभर से कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला और ब्लॉक स्तर पर बैठकें आयोजित की जा रही हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि देहरादून का कार्यक्रम पार्टी के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा और इससे आगामी राजनीतिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।