कांग्रेस का हल्लाबोलः जीएसटी, महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर देशभर में कांग्रेस का प्रदर्शन! राहुल गांधी बोले- क्या आप तानाशाही का मजा ले रहे हैं, यहां रोज लोकतंत्र की हत्या हो रही
नई दिल्ली। जीएसटी, महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस भाजपा सरकार को घेरने में जुटी हुई है। आज जहां कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज प्रेस कांफ्रेंस कर सरकार पर जमकर हमला बोला तो वहीं देशभर में कांग्रेसियों का प्रदर्शन चल रहा है। राहुल गांधी ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि क्या आप तानाशाही का मजा ले रहे हैं, यहां रोज लोकतंत्र की हत्या हो रही है। इस सरकार ने 8 साल में लोकतंत्र को बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा कि आज हिंदुस्तान में लोकतंत्र नहीं है। लोकतंत्र की मौत हो चुकी है। आज चार लोगों की डिक्टेटरशिप है। हम महंगाई ओर जो लोगों को बांटा जा रहा है उस पर बोलना चाहते हैं। हमें पार्लियामेंट हाउस में बोलने नहीं दिया जाता। जो विरोध करता है उसे अरेस्ट किया जाता है। ये हिंदुस्तान की हालत है। लोकतंत्र की जो मौत हुई, उससे आपको कैसा लग रहा है? जिस लोकतंत्र को 70 सालों में बनाया गया, उसे आठ साल में खत्म कर दिया गया। कहा कि मेरी दिक्कत ये है कि मैं सच्चाई बोलूंगा, महंगाई, बेरोजगारी का मुद्दा उठाने का काम करूंगा। जो डरता है, वो धमकाता है। जो आज देश की हालत है उससे डरते हैं, जो उन्होंने पूरे नहीं किए, महंगाई और बेरोजगारी से डरते हैं। जनता की शक्ति से डरते हैं, क्योंकि ये 24 घंटा झूठ बोलते हैं।