कोरोना का खतराः देश में लगातार बढ़ रहे मामले! पिछले 24 घंटों में 173 नए मामले आए सामने, दो मरीजों की मौत
नई दिल्ली। देश में कोरोना के मामलों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। बढ़ते मामलों ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग की टेंशन बढ़ा दी है। खबरों की मुताबिक पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 173 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 2 मरीजों की मौत हो गई है। देश में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या 1698 है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अब तक 220.10 करोड़ वैक्सीन के डोज दिए जा चुके हैं। पिछले 24 घंटे में 64 हजार 239 डोज दिए गए। इससे पहले शनिवार को 226 नए केस दर्ज किए गए थे। वहीं शुक्रवार को 243 नए मामले रिपोर्ट किए गए थे। यूपी की बात करें तो यहां भी मरीजों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ रही है। शनिवार को यहां कोरोना के 7 नए केस सामने आए हैं। गोरखपुर के महाराजगंज जिले में एक ही दिन में 3 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले। इसके अलावा गोरखपुर, बहराइच, गोंडा और प्रयागराज में भी 1-1 मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। फिलहाल प्रदेश में कुल 50 एक्टिव केस हैं। इनमें से 43 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। बाकी अस्पतालों में भर्ती हैं। वहीं पिछले 24 घंटे में दिल्ली में कोरोना के 14 नए केस मिले हैं। इसके बाद राजधानी में कोरोना की संक्रमण दर 0.34% हो गई है। गनीमत यह रही कि शनिवार को दिल्ली में कोरोना से एक भी मौत नहीं हुई।