कोरोना की टेंशनः देश में 79 प्रतिशत बढ़े मामले! राजधानी समेत कई राज्यों में लगातार बढ़ोत्तरी, कई जगहों पर हुई मास्क की वापसी
नई दिल्ली। देश में कोरोना के बढ़ते मामले फिर से डराने लगे हैं। राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में कोरोना के मामलों में लगातार बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है। खबरों की मानें तो इस वक्त देश में कोविड के एक्टिव केस 35 हजार से ज्यादा हैं। सोमवार को देशभर में कोरोना के कुल 5,880 नए मामले मिले। अब ऐक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 35,199 पर पहुंच गई है। आंकड़ों के अनुसार दिल्ली और हिमाचल प्रदेश में चार-चार और गुजरात, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र और राजस्थान में एक-एक मरीज की मौत भी हुई है।
लखनऊ में भी पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के 61 नए मरीज मिले। इनमें सिविल अस्पताल के दो डॉक्टर भी शामिल हैं। इस हफ्ते देश में कोरोना मामलों में 79 फीसदी उछाल देखा गया, जो पिछले सात महीनों में सबसे ज्यादा है। अब कोरोना उन राज्यों में भी फैल रहा है, जहां पिछले सप्ताह केस कम थे। कोरोना से होने वाली मौतों का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। इस सप्ताह कोविड से 68 मौतें हुईं, जो पिछले सप्ताह 41 थीं। इस सप्ताह सबसे ज्यादा मामले केरल में दर्ज किए गए। केरल में हफ्तेभर में 11 हजार 296 नए मामले दर्ज किए गए, जो पिछले हफ्ते की तुलना में 2.4 गुना ज्यादा हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में 4587, दिल्ली में 3896, हरियाणा में 2140 और गुजरात में 2030 मामले सामने आए।
दिल्ली में कोरोना के सोमवार को कुल 484 नए केस सामने आए। इस दौरान कोविड की वजह से 3 लोगों की मौत भी हो गई। दिल्ली में तेजी से बढ़ रहे कोरोना मामले डरा रहे हैं। राजधानी में कोविड संक्रमण दर बढ़कर 26 फीसदी के पार हो गई है। दिल्ली में कोरोना मरीजों की जीनोम सीक्वेसिंग कराने पर पता चला है कि 98% मरीजों में ओमिक्रॉन के सब वेरिएंट XBB की पुष्टि हुई है। एलएनजेपी अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉक्टर सुरेश कुमार ने बताया कि अभी 273 सैंपल की जीनोम सिक्वेंसिंग की गई है। इसमें से 269 मामले यानी 98.6 प्रतिशत में XBB और इसका सब वेरिएंट ही मिला है। इसमें से सबसे ज्यादा XBB.1.16 (लगभग 71 फीसदी) वेरिएंट मिला है।