• Home
  • News
  • Councilor murder case: Fugitive wanted shooter Rinku Sharma arrested! Police apprehended after four years; serious cases filed in several states.

पार्षद हत्याकांडः फरार इनामी शूटर रिंकू शर्मा गिरफ्तार! 4 साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा, कई राज्यों में दर्ज हैं गंभीर मुकदमे

editor
  • Awaaz Desk
  • April 08, 2026 09:04 AM
Councilor murder case: Fugitive wanted shooter Rinku Sharma arrested! Police apprehended after four years; serious cases filed in several states.

रुद्रपुर। उत्तराखण्ड एसटीएफ को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार के इनामी आरोपी कुख्यात शूटर रिंकू शर्मा उर्फ पंडित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी बहुचर्चित प्रकाश धामी हत्याकांड से जुड़ी है, जिसने वर्ष 2020 में पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया था। एसटीएफ द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को रुद्रपुर क्षेत्र से सटीक सूचना के आधार पर घेराबंदी कर दबोचा। गौरतलब है कि 12 अक्टूबर 2020 को रुद्रपुर के भदईपुरा वार्ड नंबर 13 में भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश सिंह धामी की उनके घर के बाहर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावर आई-10 कार में सवार होकर पहुंचे थे। एक बदमाश ने बातचीत के बहाने पार्षद को बाहर बुलाया, जिसके बाद अन्य हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में धामी को सिर, गले और सीने में गोलियां लगीं। जान बचाने की कोशिश के बावजूद बदमाशों ने पीछा कर उनकी हत्या कर दी और फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद होने से इलाके में सनसनी फैल गई थी।

राजनीतिक रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई बनी वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि यह हत्या राजनीतिक रंजिश और क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा थी। इस हत्याकांड को अंजाम देने के लिए मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के पेशेवर शूटरों को करीब 4 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। इस मामले में पहले ही 7 में से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि रिंकू शर्मा घटना के बाद से फरार चल रहा था।

एसटीएफ की रणनीति और तकनीकी सर्विलांस से मिली सफलता
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बच रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए तकनीकी सर्विलांस, मानव स्रोतों और साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया। करीब एक महीने से टीम उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। तड़के मिली सटीक सूचना के आधार पर एसटीएफ और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

कई राज्यों में दर्ज हैं गंभीर मुकदमे
गिरफ्तार आरोपी रिंकू शर्मा उर्फ पंडित मध्य प्रदेश के मुरैना जिले का निवासी है और एक पेशेवर शूटर बताया जा रहा है। उसके खिलाफ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट के तहत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।एसएसपी ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत जघन्य अपराधों में शामिल फरार और इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी को कोतवाली रुद्रपुर में दाखिल कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है। टीम में एमपी सिंह, प्रकाश भगत, गोविन्द बिष्ट, गुरवंत सिंह, मोहित वर्मा, सुरेन्द्र कनवाल, दुर्गा सिंह पापड़ा, मनोज रतूड़ी, चंदन सिंह बिष्ट, अमित कुमार, रघुनाथ सिंह शामिल रहे।


संबंधित आलेख: