क्राइमः दिल्ली के नंद नगरी में सरेराह चाकू से गोदकर मनीष नाम के युवक की हत्या! तनाव के बीच फोर्स तैनात, आलम, बिलाल और फैजान गिरफ्तार
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में शनिवार शाम को एक युवक की सरेराह चाकू से गोदकर हत्या कर दी। युवक की पहचान सुंदर नगरी निवासी मनीष के रूप में हुई है। हत्याकाण्ड का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें कुछ युवक एक युवक के साथ मारपीट कर रहे हैं। इस दौरान मौके पर कई लोग मौजूद हैं लेकिन वह तमाशा देख रहे हैं। पुलिस ने शक के आधार पर आलम, बिलाल और फैजान को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की वजह एक केस बताया जा रहा है, जिसको लेकर पहले भी मनीष को धमकाया जा चुका था। हत्या की सूचना के बाद इलाके में तनाव उत्पन्न हो गया। कुछ शरारती तत्वों ने घटना को सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास किया, जिसके बाद कुछ ही देर में दोनों समुदाय आमने-सामने आ गए और जमकर नारेबाजी की गई। खबर मिलते ही खासी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों समुदाय के लोगों को वापस भेजा। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस के अलावा अर्द्धसैनिक बलों को मौके पर तैनात कर दिया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी खुद मौके पर मौजूद थे। हत्या के मामले में पुलिस ने देर रात को ही तीन लड़कों आलम, बिलाल और फैजान को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना था कि पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया है।