• Home
  • News
  • Crime: Wife's family arrived at the house following a dispute between the couple! Then, screams rang out from the room, and the software engineer breathed his last.

अपराधः पति-पत्नी के विवाद के बाद घर पहुंचे पत्नी के मायके वाले! फिर कमरे से आईं चीखें और थम गई सॉफ्टवेयर इंजीनियर की सांसें

editor
  • Awaaz Desk
  • August 22, 2026 09:08 AM
Crime: Wife's family arrived at the house following a dispute between the couple! Then, screams rang out from the room, and the software engineer breathed his last.

पश्चिमी दिल्ली। राजधानी दिल्ली के निहाल विहार के लक्ष्मी पार्क इलाके में सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। विनय की मौत के मामले में उनके परिजनों ने पत्नी रेखा और उसके मायके पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि शुक्रवार सुबह पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद रेखा ने अपने पिता, भाइयों और अन्य लोगों को घर बुलाया। कुछ देर बाद विनय के कमरे से चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं। विनय की मां जब बेटे को बचाने पहुंचीं तो कथित तौर पर उन्होंने कई लोगों को उसके साथ मारपीट करते देखा। परिजनों का आरोप है कि विनय की मां ने हमलावरों से बेटे को छोड़ने की गुहार लगाई, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। इतना ही नहीं, आरोप है कि रेखा ने अपनी सास का हाथ पकड़कर उन्हें कमरे से बाहर कर दिया। इसके बाद मां ने पड़ोसियों को आवाज लगाई। पड़ोसियों के आने की आहट मिलते ही कथित तौर पर वहां मौजूद लोग मौके से भाग निकले। पुलिस ने विनय के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। परिवार के अनुसार, शुक्रवार सुबह विनय और उनकी पत्नी रेखा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद रेखा ने अपने पिता ज्ञान चंद, भाइयों राजकुमार और सोनू, एक भाई की पत्नी तथा दो अन्य लोगों को घर बुलाया। उस समय घर में विनय और उनकी मां मौजूद थीं। विनय की मां के अनुसार, रेखा के पिता और भाई समेत अन्य लोग कार से घर पहुंचे। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद उन्होंने उनसे बातचीत नहीं की और सीधे पहली मंजिल पर स्थित विनय के कमरे में चले गए। कुछ देर बाद कमरे से तेज आवाजें और चीखने-चिल्लाने की आवाज आने लगी। विनय की मां ने बताया कि आवाज सुनकर उन्हें आशंका हुई कि उनके बेटे के साथ मारपीट हो रही है। वह तुरंत पहली मंजिल पर पहुंचीं। स्वजन के अनुसार, कमरे में कई लोग विनय को घेरे हुए थे और उसके साथ मारपीट की जा रही थी। आरोप है कि विनय ने अपनी मां को देखा तो वह कमरे से बाहर निकलने की कोशिश करने लगा, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। विनय की मां ने बेटे को बचाने की कोशिश की और लोगों से उसे छोड़ने की गुहार लगाई। परिवार का आरोप है कि इस दौरान रेखा भी कमरे में मौजूद थी। स्वजन का दावा है कि रेखा ने विनय को बचाने के बजाय कथित तौर पर दूसरे लोगों का साथ दिया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस जांच के बाद ही घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी। विनय की मां के मुताबिक, जब उनका बेटा गंभीर हालत में था तो वह उसे बचाने के लिए लोगों से लगातार गुहार लगाती रहीं। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान रेखा ने उनकी मां का हाथ पकड़ लिया और उन्हें कमरे से बाहर कर दिया। इसके बाद विनय की मां नीचे आईं और पड़ोसियों से मदद की गुहार लगाने लगीं। परिवार के अनुसार, पड़ोसियों के आने की आहट होने के बाद कमरे में मौजूद लोग घबरा गए और वहां से निकलने लगे। आरोपितों के मौके से भागने के दौरान उनकी कार भी वहीं छूट गई। परिजनों ने विनय की मौत के बाद रेखा के कथित व्यवहार पर भी सवाल उठाए हैं। परिवार का आरोप है कि जब उसे विनय की मौत की जानकारी दी गई तो उसने कहा, सब ड्रामे कर रहे हैं, ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है। मुझे डराने के लिए झूठ बोला जा रहा है। परिजनों का कहना है कि इस प्रतिक्रिया ने उनकी पीड़ा और बढ़ा दी। हालांकि, पुलिस ने इस कथित बयान की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की है। जांच में यह भी देखा जा सकता है कि घटना के समय घर में कौन.कौन मौजूद था और किसकी क्या भूमिका थी।

नोएडा की एडोबी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर था विनय
विनय गुप्ता नोएडा स्थित एडोबी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। परिवार के अनुसार, वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। करीब साढ़े तीन वर्ष पहले उसकी शादी रेखा से हुई थी। दंपती के करीब साढ़े चार माह के जुड़वां बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी है। विनय की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मां अपने इकलौते बेटे की मौत से सदमे में हैं। परिवार का कहना है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। पुलिस के अनुसार, फिलहाल विनय की मौत की सही वजह स्पष्ट नहीं है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि विनय की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसके शरीर पर चोटों की प्रकृति क्या थी। पुलिस मामले में सभी आरोपितों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद के बाद घर में वास्तव में क्या हुआ, विनय के साथ मारपीट हुई या नहीं और घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे।


संबंधित आलेख: