• Home
  • News
  • Dance of Death in Delhi: Massive Fire Follows AC Blast in Vivek Vihar; 9 Lives Reduced to Ashes

दिल्ली में मौत का तांडव: विवेक विहार में एसी ब्लास्ट के बाद भीषण आग, 9 जिंदगियां राख

editor
  • Tapas Vishwas
  • May 03, 2026 04:05 AM
Dance of Death in Delhi: Massive Fire Follows AC Blast in Vivek Vihar; 9 Lives Reduced to Ashes

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर भीषण अग्निकांड से दहल उठी है। शाहदरा जिले के विवेक विहार इलाके में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई। इस हृदयविदारक घटना में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। शुरुआती जांच में आग का कारण एसी ब्लास्ट और शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, जिसने देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, विवेक विहार फेस-2 के ब्लॉक-बी स्थित इस इमारत में कुल आठ फ्लैट हैं। रविवार तड़के करीब 3:45 बजे जब लोग गहरी नींद में थे, तभी अचानक धमाके के साथ आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल तक फैल गई। दमकल विभाग को सुबह 3:47 बजे कॉल मिली, जिसके बाद दमकल की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। संकरी गली और धुएं के गुबार के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। हादसे के वक्त इमारत में अफरा-तफरी का माहौल था। स्थानीय पुलिस, डीडीएमए की टीम और दमकल कर्मियों ने जान पर खेलकर खिड़कियों और बालकनी के रास्ते 16 लोगों को रेस्क्यू किया। इनमें से दो लोग मामूली रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय पार्षद पंकज लूथरा ने बताया कि दूसरी मंजिल के पिछले हिस्से से 5 शव बरामद हुए हैं, जबकि तीन शव सबसे ऊपरी मंजिल पर मिले। मंजर इतना खौफनाक था कि आग की लपटों ने शवों को बुरी तरह झुलसा दिया है। क्षेत्रीय भाजपा विधायक संजय गोयल ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद कहा कि कुछ लोग घर के तालों को समय पर नहीं खोल पाए, जिस कारण वे अंदर ही फंस गए और धुएं व आग की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों का दावा है कि आग की शुरुआत एक फ्लैट में लगे एयर कंडीशनर में धमाके से हुई, जिसने शॉर्ट सर्किट के बाद विकराल रूप ले लिया। हालांकि, दमकल विभाग और दिल्ली पुलिस अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार कर रही है। पुलिस ने सभी 9 शवों को कब्जे में लेकर जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव इस कदर जल चुके हैं कि उनकी शिनाख्त के लिए परिजनों के डीएनए सैंपलिंग की मदद ली जाएगी। विवेक विहार थाना पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बिल्डिंग के मालिक और सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है। दिल्ली में गर्मियों के दौरान बढ़ते तापमान के बीच एसी ब्लास्ट की यह कोई पहली घटना नहीं है। लेकिन एक साथ 9 मौतों ने एक बार फिर रिहायशी इलाकों में फायर सेफ्टी और पुरानी वायरिंग पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।


संबंधित आलेख: