दलबदल राजनीति चरम पर:सपा को ज़ोर का झटका देकर छोटी बहू अपर्णा यादव शामिल हुई बीजेपी में,अचानक याद आया राष्ट्रहित!घर की पार्टी पर कही ये बात
5 राज्यो के विधानसभा चुनाव से पहले ही राजनीति हलचल लगातार जारी है। दलबदल की राजनीति इनदिनों अपने चरम पर है। अब समाजवादी पार्टी को 440 का झटका देते हुए अपर्णा यादव बीजेपी में शामिल हो गयी
मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू ने राष्ट्रहित में ये निर्णय लिया है ये बात खुद अपर्णा यादव ने कही है। जी हां! आजतक न्यूज़ चैनल में जब अपर्णा यादव से सवाल किया गया कि क्या अखिलेश यादव उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए, इसलिए बीजेपी में जाने का फैसला किया? इसपर अपर्णा यादव ने कहा कि ऐसी बात नहीं है. मैं बस यह कहना चाहती हूं कि मैंने हमेशा राष्ट्र को हमेशा धर्म माना है. हमेशा राष्ट्र के लिए ही फैसला लिया है. यह मेरी नई पारी है. मैं पीएम मोदी, सीएम योगी से बहुत प्रभावित हूं. उनकी नीतियां मुझे नैतिक रूप से भाती हैं, इसलिए मैंने बीजेपी ज्वाइन की.
अपर्णा से आगे पूछा गया कि क्या अखिलेश यादव, सपा राष्ट्रधर्म को नहीं निभाती? इसपर अपर्णा ने कहा कि वह परिवार से विमुख होकर कोई बात नहीं कहना चाहतीं. वह बोली कि यह मेरा निजी विचार है कि पिछले पांच सालों में जिस तरह से प्रदेश में सीएम योगी ने काम किया है, जितनी स्कीम आई हैं वह प्रभावशाली है.
आजतक ने अपर्णा से आगे पूछा कि बीजेपी इसबार यूपी में कितनी सीट जीत सकती है और क्या वह भी लखनऊ कैंट से चुनाव लड़ेंगी? इसपर अपर्णा ने कहा कि वह किसी शर्त पर बीजेपी में नहीं आई हैं. उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी यूपी में सरकार बनाएगी.
बीजेपी में आने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर्णा यादव बोलीं, 'सब जानते हैं कि मैं हमेशा से पीएम मोदी से प्रभावित रहीं हूं और मेरे चिंतन में राष्ट्र सबसे पहले है. राष्ट्र का धर्म मेरे लिए सबसे ज्यादा जरूरी है. मैं अब राष्ट्र की आराधना करने निकली हूं, जिसमें मुझे सबका सहयोग चाहिए.'