• Home
  • News
  • Delhi Mega-Rally: Rahul Gandhi’s major appeal to supporters—join the protest, but also shop! He emphasized that traders should not suffer any losses. Meanwhile, the Delhi Police are keeping a close watch on every nook and corner using drones and cameras.

दिल्ली महारैलीः राहुल गांधी की समर्थकों से बड़ी अपील- प्रोटेस्ट में आएं, खरीदारी करें! बोले- व्यापारियों का नहीं होना चाहिए नुकसान, ड्रोन और कैमरों से दिल्ली पुलिस की चप्पे-चप्पे पर नजर

editor
  • Awaaz Desk
  • November 01, 2026 05:11 AM
Delhi Mega-Rally: Rahul Gandhi’s major appeal to supporters—join the protest, but also shop! He emphasized that traders should not suffer any losses. Meanwhile, the Delhi Police are keeping a close watch on every nook and corner using drones and cameras.

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में आज रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की रैली होने वाली है। इस रैली में तमाम विपक्षी पार्टियों, कार्यकर्ताओं, छात्र समूहों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों से शामिल होने की संभावना है।  विपक्ष का मुख्य एजेंडा स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की मांग को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर जोर देना है। रैली से ठीक पहले शनिवार देर शाम कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट साझा कर दिल्ली आने वाले समर्थकों से एक विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि देश में इस समय दिवाली, छठ और भाईदूज जैसे बड़े त्योहारों का माहौल है। ऐसे में बाहर से आ रहे लाखों लोग विरोध प्रदर्शन और मार्च में भाग लेने के साथ-साथ दिल्ली के स्थानीय व्यापारियों और छोटी-छोटी दुकानों से खरीदारी अवश्य करें। राहुल गांधी ने लिखा, "प्रोटेस्ट, मार्च, रैली कीजिए, साथ में थोड़ी सी खरीदारी भी कीजिए, व्यापारियों का फायदा हो जाएगा।" उन्होंने भाजपा पर पलटवार करते हुए यह भी कहा कि भाजपा डर के कारण अफवाह फैला रही है कि रैली से व्यापारियों को नुकसान होगा, जबकि इस भीड़ से स्थानीय व्यापार को सीधा लाभ पहुंचेगा। तय कार्यक्रम के अनुसार, इस आंदोलन को 'चलो दिल्ली' नाम दिया गया है। प्रदर्शनकारी दोपहर 12 बजे मिंटो रोड-कनॉट प्लेस चौराहे से अपना मार्च शुरू करेंगे, जो रामलीला मैदान पर जाकर समाप्त होगा। गठबंधन के शीर्ष नेताओं के कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर एकत्र होने और वहां से खुली बसों में सवार होकर मार्च स्थल तक पहुंचने की उम्मीद है। रामलीला मैदान में रैली का मुख्य कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। यह प्रदर्शन केवल राजनीतिक दलों तक सीमित नहीं रह गया है। INDIA ब्लॉक ने समाज के विभिन्न वर्गों छात्रों, युवाओं, महिलाओं, मजदूरों और नागरिक समाज के मंचों से इसमें शामिल होने का आह्वान किया है। अभिजीत दिपके द्वारा संचालित युवा संगठन कॉकरोच जनता पार्टी और कई प्रमुख छात्र संगठनों ने भी इस आंदोलन को अपना औपचारिक समर्थन दिया है। CJP ने निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की वकालत करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को दोहराया है।

तिरंगे के रंग में रंगा मैदान, जमीन से आसमान तक कड़ा पहरा
रामलीला मैदान के मुख्य मंच पर एक भव्य तिरंगे वाला शामियाना लगाया गया है, जहां विभिन्न दलों के प्रतिनिधियों के बैठने के लिए व्यवस्थित ब्लॉक बनाए गए हैं। भारी भीड़ के मद्देनजर दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक सुरक्षा योजना तैयार की है। मार्च के रूट और रामलीला मैदान पर दिल्ली पुलिस तथा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के 4,000 से अधिक जवान मुस्तैद रहेंगे। पूरे आयोजन स्थल को 14 अलग-अलग सुरक्षा जोनों में विभाजित किया गया है, जिनमें प्रत्येक जोन की कमान एसीपी रैंक के अधिकारी के हाथ में होगी। चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन और पुलिसकर्मियों के बॉडी-वर्न कैमरों की मदद ली जाएगी। मैदान के भीतर ही एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।


संबंधित आलेख: