नीट पुनर्परीक्षा को लेकर देवघर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट: उपायुक्त ने खुद संभाली कमान, चार परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
देवघर।पेपर लीक के साये से बाहर निकलकर नीट-2026 की पुनर्परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और कदाचार मुक्त बनाने के लिए देवघर जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। 3 मई को आयोजित हुई नीट परीक्षा के रद्द होने के बाद, अब आगामी 21 जून 2026 को होने वाली इस महा-परीक्षा को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। इसी सिलसिले में देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने खुद मोर्चा संभालते हुए जिले में बनाए गए सभी चार परीक्षा केंद्रों का बारीकी से निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बुधवार को उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने एक उच्च स्तरीय प्रशासनिक टीम के साथ जिले के चार प्रमुख परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने एएस कॉलेज,देवघर कॉलेज, रामा देवी बाजला महिला कॉलेज, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय,के परिसरों की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की गहन पड़ताल की। उपायुक्त ने सभी केंद्र प्रभारियों को स्पष्ट शब्दों में हिदायत दी कि परीक्षा संचालन से जुड़े राष्ट्रीय दिशानिर्देशों का अक्षरशः पालन होना चाहिए। उन्होंने दोटूक कहा कि देश की इस सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा के दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता के मामले में रत्ती भर भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर छात्र-छात्राओं के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में बेंच-डेस्क, शुद्ध पेयजल (पानी), साफ-सुथरे शौचालय, निर्बाध बिजली आपूर्ति और हर कमरे में प्रकाश की उत्तम व्यवस्था रखने को कहा। इसके साथ ही, संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा देने आने वाले दिव्यांग परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए हर केंद्र पर व्हीलचेयर की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। गौरतलब है कि बीते 3 मई को देश भर में आयोजित हुई नीट-2026 परीक्षा पेपर लीक के गंभीर मामले के सामने आने के बाद रद्द कर दी गई थी। इस बार सरकार और प्रशासन की साख दांव पर है, यही वजह है कि देश के करीब 500 शहरों में होने वाली इस पुनर्परीक्षा को लेकर सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए जा रहे हैं। देवघर में भी परिंदा भी पर न मार सके, इसके लिए प्रशासन सीसीटीवी से लेकर उड़नदस्तों की तैनाती पर विशेष ध्यान दे रहा है। परीक्षा केंद्रों के इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान उपायुक्त के साथ उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुलदीप कुमार और जिला शिक्षा पदाधिकारी विनोद कुमार समेत जिले के कई वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिया है कि देवघर में परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और भयमुक्त वातावरण में संपन्न होगी।