चाय पर चर्चाः 20 की चाय पर 50 रुपए का सर्विस चार्ज! सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा बिल, चुटकी ले रहे यूजर
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक चाय का बिल खासा वायरल हो रहा है। बताया जाता है कि इसे दिल्ली से भोपाल के बीच चलने वाली शताब्दी एक्सप्रेस में सफर कर रहे व्यक्ति ने शेयर किया है, जिसमें 20 रुपए की चाय पर 50 रुपए सर्विस शुल्क दिखाया गया है। इसको लेकर कई यूजर चुटकी ले रहे हैं तो कई इसके पीछे की वजह बता रहे हैं।
बता दें कि दिल्ली से भोपाल जा रहे पत्रकार दीपक कुमार झा ने शताब्दी ट्रेन में मिलने वाली चाय का बिल ट्विटर पर शेयर किया है। दीपक ने कहा कि 20 रुपए की चाय पर 50 रुपए का जीएसटी। कुल मिलाकर 70 रुपए की एक चाय। है न कमाल की लूट। दीपक का कहना है कि ऐसी कई शिकायतें की जाती हैं लेकिन आईआरसीटीसी और रेलवे मंत्रालय के कान पर जूं नहीं रेंगती और इसकी आड़ में ‘प्राइवेट प्लेयर्स’ लोगों से पैसा वसूल रहे हैं।

इस वायरल बिल को सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है और लोग रेलवे तथा सरकार को घेरने में लगे हुए हैं। वहीं वायरल बिल को लेकर यूजर चुटकी लेते भी दिख रहे हैं। एक यूजर ने चाय का बिल शेयर करते हुए कहा कि 20 रुपए की चाय पर 50 रुपए का टैक्स, सच में देश का अर्थशास्त्र बदल गया, अभी तक तो इतिहास ही बदला था! वहीं दूसरे यूजर का कहना है कि कमीज के कपड़े से ज्यादा कमीज की सिलाई, तो कुछ यूजर ने लिखा- जीएसटी और सर्विस चार्ज में फर्क नहीं पता क्या? किसी अन्य ने कहा कि घर से चाय बना के ले जाओ, कोई सेवा कर नहीं लगेगा!
