नैनीताल में एसआईआर कार्यों का मंडलायुक्त दीपक रावत ने किया औचक निरीक्षण! अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
नैनीताल। मण्डलायुक्त दीपक रावत ने आज नैनीताल जिला मुख्यालय के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न मतदान केंद्रों के साथ ही लोक निर्माण विभाग कार्यालय, सीआरएसटी विद्यालय, नगरपालिका बालिका इंटर कॉलेज, एशडेल और सूखाताल स्थित केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर एसआईआर के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया और समयसीमा के अनुरूप पूरा करने तथा मतदाता पुनरीक्षण से जुड़े कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने बताया कि एसआईआर के तहत जारी किए गए नोटिसों में कई मामले केवल नाम या अन्य तकनीकी त्रुटियों से जुड़े हैं। जिन मतदाताओं को नोटिस प्राप्त हुआ है, वे निर्धारित तिथि पर बूथ पर पहुंचकर आधार कार्ड, हाईस्कूल प्रमाणपत्र, पासपोर्ट, स्थायी निवास या जाति प्रमाणपत्र जैसे दस्तावेज प्रस्तुत कर अपनी जानकारी का सत्यापन करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि कई मामलों में वर्ष 2003 की मतदाता सूची और वर्तमान रिकॉर्ड के बीच नाम में अंतर होने के कारण सिस्टम ने स्वतः नोटिस जारी किए हैं। ऐसे मामलों में दस्तावेजों के आधार पर यह स्पष्ट किया जा सकता है कि दोनों नाम एक ही व्यक्ति के हैं। आयुक्त ने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य किसी भी पात्र मतदाता का नाम काटना नहीं, बल्कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने अफवाहों से बचने और सभी मतदाताओं से निर्धारित तिथि पर अपने-अपने बूथ पर उपस्थित होकर सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की।