मुंद्रा तट पर ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़: ₹1150 करोड़ की हाई-क्वालिटी कोकीन ज़ब्त
गुजरात। भारतीय तटरक्षक बल और गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड ने समुद्र में एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करों की कमर तोड़ दी है। मुंद्रा तट के पास चलाए गए एक हाई-प्रोफाइल ऑपरेशन में सुरक्षा एजेंसियों ने करीब 1,150 करोड़ रुपये मूल्य की 115 किलोग्राम कोकीन जब्त की है। समुद्री मार्ग से देश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ इसे अब तक की सबसे बड़ी और कामयाब कार्रवाई माना जा रहा है।
अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरा ऑपरेशन 25 और 26 मई की दरम्यानी रात को बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दिया गया। गुजरात एटीएस को गुप्त सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में नशीले पदार्थों की एक बड़ी खेप समुद्री रास्ते से भारतीय सीमा में दाखिल होने वाली है। सूचना मिलते ही एटीएस के कमांडो और कोस्ट गार्ड के जवानों ने संयुक्त रणनीति बनाई। एटीएस कर्मियों को साथ लेकर तटरक्षक बल की अत्याधुनिक इंटरसेप्टर नौकाएं मुंद्रा एंकरिज क्षेत्र की ओर रवाना हुईं और पूरे इलाके को घेर लिया। सघन तलाशी अभियान के दौरान मुंद्रा तट से करीब पांच नॉटिकल मील दूर खड़े एक विशाल कंटेनर जहाज 'एमवी यूरोप' पर अधिकारियों को संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। सुरक्षा बलों ने जब जहाज़ पर धावा बोलकर तलाशी ली, तो वहां से 115 किलोग्राम शुद्ध कोकीन बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत 1,150 करोड़ रुपये आंकी गई है। अधिकारी अब इस बात की गहनता से तफ्तीश कर रहे हैं कि ड्रग्स की यह खेप किस देश से लाई जा रही थी और भारत में इसके मुख्य खरीदार (रिविसर) कौन थे। शुरुआती जांच के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि इसके पीछे किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग माफिया का हाथ है। फिलहाल जहाज़ के क्रू मेंबर्स से पूछताछ जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।