• Home
  • News
  • Drunken high-speed rampage on the Bhowali-Kainchi highway: Youths in a Scorpio rammed into three vehicles while being pursued by the police; the vehicle finally came to a halt after crashing into an electric pole.

भवाली-कैंची हाईवे पर नशे में रफ्तार का तांडव: पुलिस पीछा करती रही, स्कॉर्पियो सवार युवकों ने तीन गाड़ियों को मारी टक्कर, बिजली के पोल से टकराकर रुकी गाड़ी

editor
  • Awaaz Desk
  • July 11, 2026 11:07 AM
Drunken high-speed rampage on the Bhowali-Kainchi highway: Youths in a Scorpio rammed into three vehicles while being pursued by the police; the vehicle finally came to a halt after crashing into an electric pole.

भवाली/कैंची। अल्मोड़ा हाईवे स्थित कैंची क्षेत्र में शुक्रवार देर रात नशे में धुत युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। पहले एक होम स्टे संचालक के साथ मारपीट की और पुलिस के पहुंचने पर स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गए। पीछा किए जाने के दौरान आरोपियों ने कैंची से भवाली के बीच एक के बाद एक तीन वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे एक महिला घायल हो गई। आखिरकार उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई, जिसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, लखनऊ नंबर (UP 32 AR 0095) की स्कॉर्पियो में सवार पांच युवक बीती रात कैंची क्षेत्र पहुंचे थे। किसी बात को लेकर उनका एक होम स्टे संचालक से विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। सूचना मिलने पर कैंची पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी वाहन लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने उनका पीछा किया तो भागने के दौरान आरोपियों ने कैंची और भवाली के बीच तीन अलग-अलग वाहनों को टक्कर मार दी। एक कार में सवार महिला इस हादसे में घायल हो गई। तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण कुछ दूरी पर स्कॉर्पियो बिजली के पोल से जा टकराई, जिससे वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया और आरोपियों की भागने की कोशिश नाकाम हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सभी युवक शराब के नशे में थे। पुलिस सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर चौकी लाई और मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली भेजा। वही कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया कि आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आरोपियों की स्कॉर्पियो भी सीज कर दी है।


संबंधित आलेख: