शिक्षित बेटी, विकसित भारत:NCERT दिल्ली में नैनीताल की आशा फाउंडेशन को एक्सिलेंस अवार्ड से सम्मानित, महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण की मुहिम को मिला राष्ट्रीय मंच
नई दिल्ली। महिलाओं और बेटियों के स्वास्थ्य, शिक्षा तथा सशक्तिकरण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहे आशा फाउंडेशन को राजधानी दिल्ली स्थित सीआईईटी (CIET), एनसीईआरटी (NCERT) परिसर में आयोजित "शिक्षित बेटी, विकसित भारत एक्सिलेंस अवार्ड" से सम्मानित किया गया। यह सम्मान बेटियों को शिक्षित, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे उल्लेखनीय प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
आशा फाउंडेशन लंबे समय से महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता प्रदान करने के लिए कार्यरत है। संस्था विशेष रूप से ब्रेस्ट कैंसर और सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति समय रहते जागरूकता फैलाने, बचाव के उपायों की जानकारी देने तथा महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाने के अभियान चला रही है। इसके साथ ही बेटियों को शिक्षित, आत्मविश्वासी और सशक्त बनाने के लिए विभिन्न सामाजिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए जाते रहे हैं।
इसी समर्पित पहल के तहत दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में बेटी फाउंडेशन द्वारा देश के विभिन्न क्षेत्रों में बेटियों के उत्थान, शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधानमंत्री के "शिक्षित बेटी, विकसित भारत" संकल्प की भावना के अनुरूप किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद बांसुरी स्वराज, सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, आर.के. पुरम के विधायक अनिल शर्मा, बेटी फाउंडेशन के चेयरमैन सतीश लोहिया तथा संस्थापक अनुज भाटी मौजूद रहे।
सम्मान प्राप्त करने के बाद आशा फाउंडेशन की प्रतिनिधि आशा शर्मा ने इस उपलब्धि को अपने दिवंगत पिता को समर्पित करते हुए कहा कि उनके पिता ने उन्हें शिक्षा का महत्व समझाया और जीवन की चुनौतियों के बीच आत्मविश्वास एवं आंतरिक मजबूती के साथ खड़े रहना सिखाया। उन्होंने कहा कि यही संस्कार आज समाज की बेटियों को आगे बढ़ाने की उनकी प्रेरणा बने हुए हैं।