उत्तराखंड में मौसम का यू-टर्न: कल 12 जिलों में बारिश के आसार, 8 अप्रैल तक ओलावृष्टि और बर्फबारी का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी
देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र ने आगामी 8 अप्रैल तक के लिए मौसम का विशेष बुलेटिन जारी करते हुए बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार 3 अप्रैल से राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादलों के बरसने का सिलसिला शुरू होगा, जो अगले एक सप्ताह तक जारी रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार,शुक्रवार 3 अप्रैल को राज्य के 13 में से 12 जिलों में बारिश होने का अनुमान है। देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। वहीं, हरिद्वार समेत अन्य पर्वतीय जिलों में छिटपुट बारिश की संभावना है। मैदानी जिले ऊधम सिंह नगर में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों (3500 मीटर से अधिक ऊंचाई) में बर्फबारी का दौर भी शुरू हो जाएगा। शनिवार 4 अप्रैल को मौसम की तीव्रता बढ़ेगी। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है, जहाँ अनेक स्थानों पर मध्यम बारिश और 3300 मीटर से ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। इस दिन हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी बारिश की दस्तक होगी। रविवार 5 अप्रैल को पूरे प्रदेश में मौसम का असर दिखेगा और मैदानी इलाकों में भी हल्की बूंदबांदी से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। 6 और 7 अप्रैल को बारिश का पैटर्न थोड़ा बदलेगा, लेकिन पहाड़ी जिलों में वर्षा और बर्फबारी का क्रम जारी रहेगा। विशेष रूप से पांच प्रमुख पहाड़ी जिलों में 3500 मीटर की ऊंचाई पर हिमपात की संभावना जताई गई है। बुधवार 8 अप्रैल को एक बार फिर पूरे उत्तराखंड में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम और मैदानी इलाकों में छिटपुट बारिश होगी। मौसम विभाग के निदेशक के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है, लेकिन उसके बाद बारिश के प्रभाव से पारे में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आएगी। अचानक होने वाले इस बदलाव से सुबह और रात के समय हल्की ठंड का अहसास बना रहेगा। तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को ऊंचाई वाले स्थानों पर जाने से पहले मौसम की अपडेट लेने की सलाह दी गई है।