हल्द्वानी में गरजे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बोले-धाकड़ ही नहीं, धुरंधर भी हैं सीएम धामी
हल्द्वानी। केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तराखंड दौरे के दौरान हल्द्वानी में आयोजित भव्य जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि धामी ने अपने कार्यकाल के चार वर्षों में तेज गति से विकास कार्य कराए हैं और अब वे “धाकड़ ही नहीं, धुरंधर भी” बन चुके हैं। अपने संबोधन में रक्षा मंत्री ने उत्तराखंड को वेदों, देवों और ऋषि-मुनियों की तपोभूमि बताते हुए यहां की संस्कृति और परंपरा की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों में पर्वत जैसी अटलता और देशभक्ति की भावना कूट-कूटकर भरी है। उन्होंने उत्तराखंड को आस्था, अध्यात्म और वीरता की भूमि बताते हुए कहा कि जब भी देश की सीमाओं की सुरक्षा की बात आती है, यहां के जवान हमेशा अग्रणी भूमिका निभाते हैं।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश ने बीते वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने विशेष रूप से पूर्व सैनिकों और शहीदों के परिजनों के लिए किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने परमवीर चक्र विजेताओं की अनुग्रह राशि को 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 1.5 करोड़ रुपये कर दिया है, जो सैनिकों के सम्मान की दिशा में बड़ा कदम है। रक्षा मंत्री ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि धामी के नेतृत्व में भाजपा ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। उन्होंने अपने पुराने बयान को दोहराते हुए कहा कि “धाकड़ धामी” अब “धुरंधर धामी” बन गए हैं। उन्होंने कहा कि चार साल पूरे होने पर धामी ने “चौका” मारा है और आने वाले समय में “छक्का” भी लगाने में सफल होंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास हुआ है। पर्यटन को नई दिशा दी गई है और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं। केंद्र में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों का लाभ भी राज्य को मिल रहा है, जिससे उत्तराखंड देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। नारी सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड कर्णावती, गौरा देवी और बछेंद्री पाल जैसी महान महिलाओं की भूमि है। उन्होंने कहा कि राज्य में सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें आगे बढ़ाने का काम किया गया है। उन्होंने चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना और सैन्य धाम के निर्माण को ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे न केवल यात्रा सुरक्षित होगी, बल्कि सैनिकों के सम्मान को भी नई पहचान मिलेगी। साथ ही उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि 200 से अधिक भ्रष्टाचारियों को जेल भेजकर सरकार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। अंत में रक्षा मंत्री ने कहा कि उनकी राजनीति सत्ता के लिए नहीं, बल्कि देश निर्माण के लिए है। उन्होंने वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत सुरक्षित और मजबूत स्थिति में है। उन्होंने जनता से देशहित में सरकार का समर्थन करने की अपील की।