• Home
  • News
  • Election bugle sounded in the 'Land of Gods' (Devbhoomi): BJP approaches the public with an account of its five-year performance; Dhami expresses confidence in securing a hat-trick.

देवभूमि में चुनावी शंखनाद: पांच साल के कामकाज का हिसाब लेकर जनता के बीच उतरी भाजपा, धामी ने जताया हैट्रिक का भरोसा

editor
  • Awaaz Desk
  • November 26, 2026 09:11 AM
Election bugle sounded in the 'Land of Gods' (Devbhoomi): BJP approaches the public with an account of its five-year performance; Dhami expresses confidence in securing a hat-trick.

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में धामी सरकार के पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जारी कर चुनावी बिगुल फूंक दिया है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में इस रिपोर्ट कार्ड का विमोचन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अपने काम का लेखा-जोखा जनता के सामने रखने का साहस केवल भाजपा ही कर सकती है। वर्ष 2022 में भी पार्टी अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच गई थी, जिसके फलस्वरूप प्रदेश की जनता ने हर पांच साल में सरकार बदलने का मिथक तोड़ते हुए भाजपा को दोबारा मौका दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के आशीर्वाद से भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। सीएम ने स्पष्ट किया कि जनता से किए गए अधिकांश वादे पूरे कर लिए गए हैं और शेष पर तेजी से काम चल रहा है। मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि युवा, महिला, शिक्षा और बुनियादी ढांचे का विकास शुरू से प्राथमिकता रहा है। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए देश का सबसे सख्त नकलरोधी कानून बनाया गया है। 11 हजार युवाओं को घर बैठे ऑनलाइन कोचिंग, स्टार्टअप के लिए 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड, युवा आयोग के गठन की प्रक्रिया और जर्मनी व जापान में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। वहीं, महिला सशक्तिकरण के लिए 'बैणी-भुली योजना' और 'देवभूमि परिवार योजना' (जिसमें वरिष्ठ महिला को परिवार का मुखिया माना गया है) के जरिए मातृशक्ति को सम्मान दिया गया है। इसके अतिरिक्त कोरोना काल में पर्यटन, परिवहन और चिकित्सा क्षेत्र को 405 करोड़ के पैकेज, अनाथ बच्चों के लिए वात्सल्य योजना और पीएम आवास योजना के तहत जल्द मिलने वाले 50 हजार मकानों का भी जिक्र किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि चुनाव के समय पूरे कार्यकाल का हिसाब जनता को देना जरूरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने राज्य की हर योजना को प्राथमिकता दी, जिससे उत्तराखंड में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिली है। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन, पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, डॉ. रमेश पोखरियाल 'निशंक' और तीरथ सिंह रावत समेत कई दिग्गज नेता उपस्थित रहे।
 


संबंधित आलेख: