• Home
  • News
  • 'Electoral Pathshala' to start in Ranchi schools; campaign to update Aadhaar details of 1.45 lakh students intensifies.

रांची के स्कूलों में शुरू होगी ‘चुनावी पाठशाला’, 1.45 लाख छात्रों का आधार अपडेट कराने का अभियान तेज

editor
  • Tapas Vishwas
  • June 17, 2026 01:06 PM
'Electoral Pathshala' to start in Ranchi schools; campaign to update Aadhaar details of 1.45 lakh students intensifies.

रांची। राजधानी रांची के सरकारी और निजी विद्यालय अब केवल पढ़ाई के केंद्र नहीं रहेंगे, बल्कि लोकतंत्र की पाठशाला भी बनेंगे। जिला प्रशासन ने कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए सभी स्कूलों में ‘चुनावी पाठशाला’ शुरू करने का फैसला किया है। इसके जरिए छात्रों को लोकतांत्रिक व्यवस्था, मतदान प्रक्रिया और मतदाता जागरूकता की जानकारी दी जाएगी। वहीं जिले में करीब 1.45 लाख विद्यार्थियों का आधार अपडेटेशन लंबित होने पर प्रशासन ने विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। समाहरणालय में आयोजित विभिन्न विभागीय समीक्षा बैठकों में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने शिक्षा, मतदाता सूची पुनरीक्षण और नशा मुक्ति अभियान की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आधार-अपार अपडेटेशन का कार्य जल्द पूरा किया जाए ताकि विद्यार्थियों को भविष्य में किसी प्रकार की प्रशासनिक या शैक्षणिक परेशानी का सामना न करना पड़े।

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने स्कूल से बाहर रह गए बच्चों और दिव्यांग विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रों और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामान्य ज्ञान जैसे विषयों की पढ़ाई की निगरानी के लिए विशेष सेल गठित करने का भी निर्देश दिया गया। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के कक्षा 10 और 12 के परीक्षा परिणामों पर असंतोष जताते हुए उपायुक्त ने बेहतर नतीजों के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में कोई भी अंडर-परफॉर्मर शिक्षक नहीं रहना चाहिए। पठन-पाठन को प्रभावित करने वाले शिक्षकों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और उनके कार्यों की लगातार समीक्षा होगी। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए गणना फ़ॉर्म के शत-प्रतिशत वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रहे और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के मतदाताओं की शत-प्रतिशत मैपिंग सुनिश्चित की जाए। इधर, मादक पदार्थों के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के लिए 26 जून को राज्यस्तरीय मैराथन का आयोजन किया जाएगा। यह मैराथन मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः बापू वाटिका पहुंचेगी। सुबह 6 बजे से प्रतिभागियों का पंजीकरण शुरू होगा। उपायुक्त ने यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सहायता, बैरिकेडिंग और जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं प्रशासन की जनसुनवाई व्यवस्था भी सक्रिय रही। उपायुक्त के निर्देश पर विभिन्न अंचलों में आयोजित जनता दरबारों में कुल 827 आवेदनों का निष्पादन किया गया। आय, जाति, आवासीय प्रमाण पत्र, दाखिल-खारिज, भूमि विवाद और अन्य मामलों का त्वरित समाधान किया गया। उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी मंच बन रहा है। रांची प्रशासन की इस बहुआयामी पहल से शिक्षा, लोकतांत्रिक जागरूकता, नशा मुक्ति और जनसेवा के क्षेत्रों में नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


संबंधित आलेख: