आस्थाः रामनवमी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया कन्या पूजन! कन्याओं के पैर धोकर लिया आशीर्वाद, भोजन कराकर दक्षिणा के साथ की विदाई

लखनऊ। रामनवमी के मौके पर आज यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में विधि विधान के साथ कन्या पूजन किया। इस दौरान सीएम योगी ने कन्याओं के पैर धोकर उनका आशीर्वाद लिया और देश-प्रदेश वासियों को रामनवमी की बधाई दी। उन्होंने मां भगवती के नौ स्वरूपों की प्रतीक नौ कन्याओं, एक बटुक भैरव के पांव पखारकर पहले पूजा-अर्चना की। उसके बाद अपने हाथों से भोजन कराकर दक्षिणा के साथ उनकी विदाई की। इस दौरान मंदिर में पहुंची अन्य कन्याओं को भी उसी श्रद्धाभाव से भोजन कराया गया और विदाई की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति की आराधना हमारे देश की संस्कृति है। इसीलिए नवरात्र के नवें दिन कन्या पूजन का विधान है। कन्या पूजन का समय दोपहर 12 बजे निर्धारित था। मुख्यमंत्री के पहुंचने से पहले आमंत्रित कन्याएं पूजन स्थल पर पहुंच गईं। सबसे पहले उन्होंने बारी-बारी से थार में नौ कन्याओं और एक बटुक भैरव को खड़ा कर उनका पांव पखारा। उसके बाद टीका लगाकर चुनरी ओढ़ाई और आरती उतारी। पूजा के बाद कन्या भोज का कार्यक्रम शुरू हुआ।