आस्थाः केदारनाथ यात्रा ने पकड़ी रफ्तार, सुरक्षा और सुगमता पर पुलिस का फोकस, अब तक पहुंचे 694030 श्रद्धालु
रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध बाबा केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब लगातार उमड़ रहा है। 17 किलोमीटर की दुर्गम चढ़ाई और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था हर चुनौती पर भारी पड़ रही है। अब तक 694030 श्रद्धालु बाबा केदार के दर पर मत्था टेक चुके हैं। यात्रा मार्ग से लेकर धाम तक हर ओर भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है। भारी भीड़ के बीच यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखना प्रशासन और पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है, लेकिन जिला प्रशासन, पुलिस और विभिन्न विभाग पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्थाओं को संभाले हुए हैं। ट्रैफिक नियंत्रण, स्वास्थ्य सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था और दर्शन प्रबंधन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सोनप्रयाग, गौरीकुंड, भीमबली, लिनचोली और केदारनाथ धाम तक पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार तैनात हैं। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जगह-जगह सहायता केंद्र, मेडिकल टीम और सुरक्षा कर्मी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर केदारनाथ यात्रा पुलिस उपाधीक्षक नितिन लोहनी ने बताया कि पुलिस बल पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।