विरोध की आगः बिहार के चौसा में पुलिस के लाठीचार्ज से भड़के किसान! वाहनों में आगजनी, पुलिस पर किया हमला
नई दिल्ली। बिहार के चौसा में थर्मल पावर प्रोजेक्ट का विरोध कर रहे किसान उस समय उग्र हो गए जब पुलिस द्वारा उनपर लाठीचार्ज किया गया। इससे गुस्साए किसानों ने कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया और पुलिस भी हमला किया। बताया जा रहा है कि हमले में कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिसके बाद पुलिस ने कुछ किसानों को हिरासत में भी लिया है।
बता दें कि किसान चौसा के पास बन रहे थर्मल पावर प्लांट से जुड़ी जलापूर्ति पाइप लाइन और रेलवे लाइन के लिए जमीन अधिग्रहण के मसले पर प्रदर्शन कर रहे थे। विरोध में किसानों ने निर्माणाधीन बिजलीघर के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया था। इसका तब तो प्रशासन ने कोई विरोध नहीं किया, लेकिन रात होते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल प्रभावित गांवों में पहुंच गया। इस दौरान कई किसानों के घर में घुसकर पुलिस ने बेरहमी से मारपीट की। सोशल मीडिया पर किसानों के साथ मारपीट के वीडियो वायरल भी हो रहे हैं। किसानों का दावा है कि पुलिस आधी रात के बाद बनारपुर और अन्य प्रभावित गांवों के किसानों के घर पहुंची। इस दौरान पुलिसवालों ने जबरदस्ती घरों में दाखिल होकर किसानों की पिटाई की। दैनिक जागरण वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।