कोहरे का कहरः पांच राज्यों में छाया घना कोहरा! नोएडा में रेलिंग तोड़कर नीचे गिरी बस, हरियाणा में डिप्टी सीएम के काफिले की गाड़ी का एक्सीडेंट
नई दिल्ली। मौसम में बदलाव के साथ जहां ठण्ड ने ठिठुरन बढ़ा दी है वहीं कोहरे का कहर भी बरपने लगा है। आज दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम रही। मौसम विभाग ने कहा कि आने वाले कुछ दिन इन राज्यों में काफी घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं हरियाणा में कोहरे की वजह से डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के काफिले की गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया। उत्तर प्रदेश के नोएडा में रविवार सुबह एक बस रेलिंग तोड़कर 10 फीट नीचे गिर गई। हादसे में 1 व्यक्ति की मौत हुई है। उधर, दिल्ली में इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी सिर्फ कुछ मीटर ही थी। इसका वीडियो पैसेंजर ने शेयर किया है। कानपुर में भी कोहरे को देखते हुए 4 फ्लाइट्स कैंसल कर दी गई हैं। दिल्ली में मंगलवार सुबह इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर घना कोहरा छाया रहा। दिल्ली एयरपोर्ट ने ट्वीट कर अलर्ट जारी किया है। कहा कि फिलहाल सभी उड़ानें सामान्य हैं। पैसेंजर्स से अनुरोध है कि वह फ्लाइट की जानकारी के लिए एयरलाइन से संपर्क करें। दिल्ली में अगले 3 दिन घना कोहरा देखने को मिलेगा। तापमान में कमी दर्ज की जाएगी। एयर क्वालिटी गंभीर कैटेगरी है। सोमवार शाम 6 बजे के करीब आनंद विहार इलाके में AQI 444 दर्ज किया गया जो कि गंभीर में कैटेगरी आता है।