पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक को अंतिम विदाई, सीएम हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि,बोले-राज्य ने जनसेवा का सच्चा सिपाही खोया
रांची। झारखंड के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता मन्नान मल्लिक के निधन पर पूरे राज्य में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ विधानसभा पहुंचकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने मन्नान मल्लिक के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें अंतिम नमन किया और शोक संतप्त परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि मन्नान मल्लिक जनसेवा, सामाजिक सरोकार और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति पूरी निष्ठा से समर्पित रहे। उन्होंने लंबे समय तक जनता की सेवा की और अपने सरल स्वभाव तथा कार्यशैली से लोगों के बीच विशेष पहचान बनाई। उनके निधन से झारखंड ने एक अनुभवी जननेता और समाजसेवी को खो दिया है, जिसकी भरपाई करना आसान नहीं होगा।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कई मंत्री, विधायक, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में समर्थक भी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मन्नान मल्लिक का सार्वजनिक जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की। पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक के निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक का माहौल है। विभिन्न दलों के नेताओं और सामाजिक संगठनों ने भी उनके निधन को राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके निधन से झारखंड की राजनीति ने एक अनुभवी और जनप्रिय चेहरा खो दिया है।