• Home
  • News
  • From engineer to saint, now husband, Abhay Singh married on Mahashivratri and embarked on a new journey with his wife, making headlines again.

इंजीनियर से संत और अब पति बने अभय सिंह! महाशिवरात्रि पर की शादी, पत्नी संग नए सफर की शुरुआत ने फिर बटोरी सुर्खियां

editor
  • Awaaz Desk
  • April 06, 2026 11:04 AM
From engineer to saint, now husband, Abhay Singh married on Mahashivratri and embarked on a new journey with his wife, making headlines again.

नई दिल्ली। प्रयागराज महाकुंभ में अपने अनोखे अंदाज और आध्यात्मिक व्यक्तित्व के चलते देशभर में सुर्खियां बटोरने वाले आईआईटी बाबा अभय सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार उनके चर्चाओं में रहने की वजह उनकी शादी है। आईआईटी बाबा के नाम से मशहूर अभय सिंह ने अपनी जीवनसंगिनी के साथ नया जीवन शुरू कर दिया है। उन्होंने खुलासा किया है कि 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर हिमाचल प्रदेश के अघंजर महादेव मंदिर में उन्होंने शादी रचाई, जिसके बाद 19 फरवरी को दोनों ने कोर्ट मैरिज भी की। अभय सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी प्रतीका कर्नाटक की रहने वाली हैं और पेशे से इंजीनियर हैं। शादी के बाद दोनों फिलहाल धर्मशाला में रह रहे हैं और एक सादगीपूर्ण जीवन जी रहे हैं। सोमवार को अभय सिंह अपनी पत्नी के साथ हरियाणा के झज्जर पहुंचे, जहां उन्होंने अपने परिवार और माता-पिता से मुलाकात की। इस दौरान वे भगवा वस्त्रों में नजर आए और अपने पिता के चैंबर में बैठकर पुरानी यादों को साझा किया। उन्होंने बताया कि आध्यात्मिक जीवन अपनाने से पहले वे अक्सर अपने पिता के चैंबर में बैठकर कानूनी मामलों को समझते थे। लेकिन जीवन के गहरे अर्थ की तलाश ने उन्हें इंजीनियरिंग और विज्ञान की दुनिया से निकालकर अध्यात्म की राह पर ला खड़ा किया। वहीं उनकी पत्नी प्रतीका ने भी अभय सिंह की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि अभय बेहद सरल, ईमानदार और सच्चे इंसान हैं। प्रतीका ने यह भी बताया कि दोनों की मुलाकात करीब एक साल पहले हुई थी और अब वे मिलकर सनातन और अध्यात्म को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। इतना ही नहीं दोनों ने भविष्य में एक ‘सनातन यूनिवर्सिटी’ बनाने की योजना भी साझा की है, जहां गुरु, साधक और आध्यात्म से जुड़े लोग एक मंच पर आ सकें। आपको बता दें कि अभय सिंह मूल रूप से झज्जर के सासरौली गांव के निवासी हैं। उन्होंने आईआईटी बॉम्बे से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और बाद में कनाडा की एक एयरोस्पेस कंपनी में उच्च वेतन पर नौकरी भी की। लेकिन उन्होंने सब कुछ छोड़कर आध्यात्मिक जीवन को चुना। महाकुंभ 2025 के दौरान साधु वेश में सामने आने के बाद वे सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए थे और उनकी कहानी देश-विदेश में चर्चा का विषय बन गई थी।


संबंधित आलेख: