• Home
  • News
  • From verbal altercation to murder: Teenager shot dead in Rudrapur's Tibba area; died during treatment. Police investigation intensified; raids underway to locate the accused.

कहासुनी से कत्ल तक: रुद्रपुर के टिब्बा क्षेत्र में किशोर की गोली मारकर हत्या, इलाज के दौरान हुई मौत, पुलिस जांच तेज, आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी

editor
  • Awaaz Desk
  • June 26, 2026 06:06 AM
From verbal altercation to murder: Teenager shot dead in Rudrapur's Tibba area; died during treatment. Police investigation intensified; raids underway to locate the accused.

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर शहर में गुरुवार शाम हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया और 17 वर्षीय किशोर विक्रांत बागी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल किशोर ने हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार ट्रांजिट कैंप निवासी 17 वर्षीय विक्रांत बागी गुरुवार शाम किसी कार्य से लालपुर चौकी क्षेत्र के टिब्बा इलाके में गया था। इसी दौरान किच्छा के सैजनी गांव निवासी एक युवक भी वहां पहुंचा। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर आरोपी ने तमंचा निकालकर विक्रांत पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। दिनदहाड़े चली गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल किशोर को जिला अस्पताल रुद्रपुर पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए, जहां देर रात करीब 11 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। किशोर की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने लोगों को आश्वस्त किया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। जांच अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि विक्रांत टिब्बा क्षेत्र में किस उद्देश्य से गया था और दोनों युवकों के बीच विवाद की वास्तविक वजह क्या थी। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धोनी ने बताया कि आरोपी युवक की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। 


संबंधित आलेख: