• Home
  • News
  • Fuel Revolution: 100% ethanol gets legal approval in the country; Nitin Gadkari signs historic file.

फ्यूल क्रांति: देश में 100 प्रतिशत इथेनॉल को मिली कानूनी मंजूरी, नितिन गडकरी ने ऐतिहासिक फाइल पर किए हस्ताक्षर

editor
  • Tapas Vishwas
  • June 14, 2026 08:06 AM
Fuel Revolution: 100% ethanol gets legal approval in the country; Nitin Gadkari signs historic file.

नागपुर। भारतीय ऑटोमोबाइल क्षेत्र और ईंधन अर्थव्यवस्था के इतिहास में शनिवार का दिन एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित हुआ। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा की कि उन्होंने 100 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण ईंधन को कानूनी मान्यता देने वाले नियमों की फाइल पर हस्ताक्षर कर दिए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले शासन के सफल वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में गडकरी ने कहा, "कल रात ठीक 8 बजे, मैंने देश में 100 फीसदी इथेनॉल के नियम बनाने और इसे कानूनी अमलीजामा पहनाने वाली फाइल को अपनी अंतिम मंजूरी दे दी है।" सरकार के इस बड़े कदम से न सिर्फ देश की पर्यावरण नीति मजबूत होगी, बल्कि फॉसिल फ्यूल (जीवाश्म ईंधन) के आयात पर भारत की निर्भरता भी बड़े पैमाने पर कम होगी। केंद्रीय मंत्री ने भारत के भारी-भरकम आयात बिल पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान में देश में लगभग 22 लाख करोड़ रुपये का ईंधन आयात किया जाता है। हमने देश के इस आर्थिक बोझ को कम करने का जो संकल्प लिया है, यह फैसला उसी की एक कड़ी है। इथेनॉल अब 'पेट्रोल का एक सही और सटीक विकल्प' बनकर उभरेगा। आने वाले समय में देश के भीतर ही गैस का उत्पादन भी बढ़ेगा और पेट्रोल-डीजल का एक पूरी तरह स्वदेशी विकल्प देश के पास उपलब्ध होगा। 100 फीसदी इथेनॉल पर चलने वाले वाहनों की तैयारियों का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि देश का ऑटोमोबाइल सेक्टर इस बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार है। कंपनी ने अपनी लोकप्रिय कार वैगनआर का 'फ्लेक्स-फ्यूल' मॉडल सफलतापूर्वक पेश कर दिया है जो पूरी तरह इथेनॉल से चलती है। हीरो मोटोकॉर्प ने अपनी बेहतरीन तकनीक का प्रदर्शन करते हुए पांच में से दो मोटरसाइकिलें पहले ही 100 फीसदी इथेनॉल ईंधन के अनुकूल लॉन्च कर दी हैं। नितिन गडकरी ने भरोसा जताया कि अगले दो महीनों के भीतर टोयोटा, सुजुकी और हुंडई जैसी दिग्गज वाहन निर्माता कंपनियां भी अपने ऐसे नए मॉडल बाजार में उतार देंगी जो शत-प्रतिशत इथेनॉल से चलेंगे। नितिन गडकरी ने स्वीकार किया कि इस ग्रीन-फ्यूल क्रांति के रास्ते में उन्हें शुरुआत में कड़े विरोध और झूठी सूचनाओं का सामना करना पड़ा। उन्होंने हंसते हुए कहा, "जब मैं पहले इस सपने की बात करता था, तो लोग हंसते थे और कुछ दोस्त इसकी आलोचना करते थे। अफवाहों को खारिज करने के लिए उन्होंने एक जानी-मानी हस्ती का मजेदार किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया एक बार एक प्रतिष्ठित व्यक्ति ने मुझे फोन किया कि इथेनॉल ब्लेंडिंग की वजह से उनकी जीप खराब हो गई है और मैकेनिक ने भी यही कहा है। मैंने उनसे बस एक सीधा सवाल पूछा कि आपकी जीप पेट्रोल से चलती है या डीजल से? उन्होंने कहा- डीजल से। मैंने हंसते हुए जवाब दिया कि भाई, हम डीजल में तो इथेनॉल मिलाते ही नहीं, फिर आपकी गाड़ी इथेनॉल से कैसे खराब हो गई? साफ़ है कि इस ईंधन को बदनाम करने के लिए गलत जानकारियां फैलाई गईं। केंद्रीय मंत्री ने नागपुर में हुए चौतरफा विकास का ब्योरा देते हुए बताया कि केंद्र और राज्य की डबल-इंजन सरकार के कारण शहर को नए पंख मिले हैं। नागपुर में ऑक्सीजन पार्क, बर्ड पार्क और एक एडवेंचर पार्क का निर्माण हो रहा है। मेट्रो के पहले फेज की सफलता के बाद अब फेज-3 की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इसके अलावा एम्स नागपुर, आईआईएम, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी और आईआईआईटी बुटीबोरी जैसे विश्वस्तरीय संस्थान शहर की नई पहचान बन चुके हैं।


संबंधित आलेख: