केदारनाथ धाम पहुंचे गढ़वाल रेंज के आईजी राजीव स्वरूप, यात्रा व्यवस्थाओं और भीड़ प्रबंधन का लिया जायजा
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए गढ़वाल रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप खुद व्यवस्थाओं का जायजा लेने बाबा केदार की नगरी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने यात्रा मार्ग से लेकर मंदिर परिसर तक सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का निरीक्षण किया। पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र उत्तराखण्ड श्री राजीव स्वरूप केदारनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने मंदिर दर्शनों के लिए बनाई गई लाइन व्यवस्था, आस्था पथ और श्रद्धालुओं की एंट्री-एग्जिट व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। आईजी ने ड्यूटीरत पुलिस जवानों से संवाद कर यात्रा ड्यूटी के दौरान आने वाली चुनौतियों की जानकारी ली और उनका मनोबल बढ़ाया। आईजी राजीव स्वरूप ने कहा कि बाबा केदार के दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालु वर्षों की योजना बनाकर यहां पहुंचते हैं, इसलिए पुलिस का व्यवहार सेवा भाव से परिपूर्ण होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए और यात्रा को सुरक्षित व सुगम बनाया जाए।