• Home
  • News
  • Gloom in Vrindavan: Saint Premanand Maharaj's Health Deteriorates; Foot Pilgrimage and Private Audiences Postponed Indefinitely.

वृंदावन में मायूसी: संत प्रेमानंद महाराज की तबीयत बिगड़ी, पदयात्रा और एकांत वार्ता अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

editor
  • Tapas Vishwas
  • May 18, 2026 05:05 AM
Gloom in Vrindavan: Saint Premanand Maharaj's Health Deteriorates; Foot Pilgrimage and Private Audiences Postponed Indefinitely.

मथुरा। देश-विदेश में करोड़ों लोगों के प्रेरणास्रोत और वृंदावन के प्रसिद्ध आध्यात्मिक संत प्रेमानंद महाराज की तबीयत एक बार फिर नासाज हो गई है। पिछले दो दिनों से अस्वस्थ होने के कारण महाराज जी का सुप्रसिद्ध 'एकांत वार्ता' सत्र और अलसुबह होने वाली 'पदयात्रा' को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। उनके आश्रम 'श्री राधा हित केली कुंज' की ओर से आधिकारिक सूचना जारी कर भक्तों से सहयोग की अपील की गई है। इस खबर के सामने आते ही देश भर में फैले उनके लाखों श्रद्धालुओं में चिंता और मायूसी की लहर दौड़ गई है।

आश्रम प्रबंधन द्वारा जारी संदेश में कहा गया है कि महाराज जी का स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण वे फिलहाल भक्तों से वार्ता और दर्शन नहीं कर पा रहे हैं। आश्रम ने श्रद्धालुओं से विशेष आग्रह किया है कि वे दर्शन की आस में फिलहाल सड़कों पर या आश्रम के बाहर एकत्रित न हों। जैसे ही महाराज जी के स्वास्थ्य में सुधार होगा, उनके दर्शन और एकांत वार्ता की प्रक्रिया दोबारा पहले की तरह शुरू कर दी जाएगी। आमतौर पर प्रेमानंद महाराज हर सुबह ठीक 3:00 बजे वृंदावन के परिक्रमा मार्ग पर अपनी पदयात्रा शुरू करते थे, जहां कड़कड़ाती ठंड हो या बरसात, हजारों भक्त उनके एक दीदार के लिए घंटों पहले से लाइन में खड़े रहते थे। संत प्रेमानंद महाराज पिछले लगभग 20 वर्षों से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। उनकी दोनों किडनियां खराब होने के कारण उनके आवास पर ही हफ्ते में नियमित रूप से डायलिसिस किया जाता है। डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में होने वाली इस डायलिसिस प्रक्रिया में हर बार 5 से 6 घंटे का लंबा समय लगता है। इस अत्यधिक शारीरिक कष्ट के बावजूद महाराज जी लगातार श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करते आ रहे हैं। प्रेमानंद महाराज के वचनों और उनके अध्यात्म का प्रभाव आम जनता से लेकर देश की बड़ी-बड़ी हस्तियों तक पर है। उनके दर्शन के लिए राजनेताओं, खिलाड़ियों और फिल्म जगत के दिग्गजों का तांता लगा रहता है। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत सहित भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा भी कई बार वृंदावन आकर महाराज जी का आशीर्वाद ले चुके हैं। फिलहाल सभी श्रद्धालु महाराज जी के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
 


संबंधित आलेख: