• Home
  • News
  • Goodbye: Senior journalist Dr. Ved Pratap Vaidik! Took last breath in Delhi, will be cremated tomorrow

अलविदाः नहीं रहे वरिष्ठ पत्रकार डाॅ. वेदप्रताप वैदिक! दिल्ली में ली अंतिम सांस, कल होगा अंतिम संस्कार

editor
  • Awaaz24x7 Team
  • March 14, 2023 10:03 AM
Goodbye: Senior journalist Dr. Ved Pratap Vaidik! Took last breath in Delhi, will be cremated tomorrow

नई दिल्ली। वरिष्ठ पत्रकार डाॅ. वेदप्रताप वैदिक अब दुनिया में नहीं रहे। उन्होंने 78 वर्ष की उम्र में आज मंगलवार को उन्होंने दिल्ली स्थित निवास पर अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार लोधी क्रेमेटोरियम, नई दिल्ली में कल बुधवार शाम 4 बजे होगा। इससे पहले सुबह नौ से दोपहर 1 बजे तक पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए निवास स्थान गुड़गांव सेक्टर 55, गुड़गांव में रखा जाएगा। पहले खबर आई थी कि उनका अंतिम संस्कार इंदौर में किया जा सकता है। परिवार से मिली जानकारी के अनुसार डॉ. वैदिक सुबह बाथरूम में फिसल कर गिर गए थे। इसके बाद उन्हें निकट के ही अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि संभवत: हार्ट अटैक के चलते उनकी मौत हुई है। डॉ. वैदिक के परिवार में एक बेटा और बेटी हैं। डॉ. वैदिक ने 1958 में अपने पत्रकारिता जीवन की शुरुआत की थी। उन्होंने अपनी PhD के शोध कार्य के दौरान न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी, मॉस्को के ‘इंस्तीतूते नरोदोव आजी’, लंदन के ‘स्कूल ऑफ ओरिएंटल एंड अफ्रीकन स्टडी’ और अफगानिस्तान के काबुल विश्वविद्यालय में अध्ययन और शोध किया। डॉ. वैदिक ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के ‘स्कूल ऑफ इंटरनेशनल स्टडी’ से अंतरराष्ट्रीय राजनीति में PhD की उपाधि प्राप्त की। वे भारत के ऐसे पहले विद्वान हैं, जिन्होंने अपना अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर रिसर्च पेपर हिंदी में लिखा । इसी कारण JNU से उनका निष्कासन हुआ। 1965-67 में इस मामले ने इतना तूल पकड़ा कि संसद में इस पर चर्चा हुई। बताया जाता है कि वैदिक ने अपनी पहली जेल-यात्रा सिर्फ 13 वर्ष की आयु में की थी। हिंदी सत्याग्रही के तौर पर वे 1957 में पटियाला जेल में रहे। विश्व हिंदी सम्मान (2003), महात्मा गांधी सम्मान (2008) सहित कई पुरस्कार और सम्मान उन्हें मिले। डॉ. वेदप्रताप वैदिक की गणना उन लेखकों और पत्रकारों में होती है, जिन्होंने हिंदी को मौलिक चिंतन की भाषा बनाया। डॉ.वैदिक का जन्म 30 दिसंबर 1944 को इंदौर में हुआ था। वे रूसी, फारसी, जर्मन और संस्कृत भाषा के भी जानकार थे।


संबंधित आलेख: