अलविदाः कल होगा जेडीयू के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का अंतिम संस्कार! गृहमंत्री शाह और राहुल गांधी ने दी श्रृद्धांजलि, भावुक हुए लालू यादव
नई दिल्ली। जेडीयू के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का कल रात निधन हो गया। उन्होंने 75 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा। बताया जाता है कि उन्होंने दिल्ली के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए दिल्ली के छतरपुर में उनके आवास पर रखा गया है। इस दौरान गृहमंत्री अमित शाह, राहुल गांधी, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। खबरों की मानें तो कल शनिवार को एमपी के बाबई तहसील के आंखमऊ गांव में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। सिंगापुर से लालू ने शरद यादव को भावुक विदाई दी। एक वीडियो पोस्ट कर कहा कि ऐसे अलविदा नहीं कहना था भाई। लालू ने वीडियो मैसेज में कहा, 'शरद यादव जी, बड़े भाई की मृत्यु की खबर सुनकर मैं काफी विचलित हूं। मुझे काफी धक्का लगा है।
बता दें कि शरद लंबे समय से किडनी से जुड़ी समस्याओं से परेशान थे। उनको डायलिसिस दिया जा रहा था। फोर्टिस मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट ने बयान जारी कर कहा कि उन्हें गुरुवार को अचेत अवस्था में फोर्टिस में आपात स्थिति में लाया गया था। वे मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम( होशंगाबाद) जिले में स्थित बाबई के रहने वाले थे। उनका जन्म 1 जुलाई 1947 को किसान परिवार में हुआ।