• Home
  • News
  • Grand Celebration of a 'Hat-trick' in Assam: New Government to Take Oath on May 12; Guwahati to Bear Witness in the Presence of PM Modi.

असम में 'हैट्रिक' का महाजश्न: 12 मई को शपथ लेगी नई सरकार,पीएम मोदी की मौजूदगी में गुवाहाटी बनेगा गवाह

editor
  • Tapas Vishwas
  • May 07, 2026 06:05 AM
Grand Celebration of a 'Hat-trick' in Assam: New Government to Take Oath on May 12; Guwahati to Bear Witness in the Presence of PM Modi.

गुवाहाटी। असम की राजनीति में एक नया इतिहास रचते हुए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन अपनी लगातार तीसरी पारी का आगाज करने जा रहा है। राज्य की नई सरकार का भव्य शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को गुवाहाटी के खानापारा स्थित वेटनरी कॉलेज फील्ड में आयोजित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं मौजूद रह सकते हैं।

राज्य के मुख्य सचिव रवि कोटा ने समारोह की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। इस समारोह में केवल प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि कई केंद्रीय मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और देश के जाने-माने उद्योगपति भी शिरकत करेंगे। मुख्य सचिव ने पुलिस महानिदेशक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और प्रोटोकॉल को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की है। शपथ ग्रहण की प्रक्रिया के बीच मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने परंपरा के अनुसार राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। राज्यपाल ने उन्हें नई सरकार के गठन तक 'कार्यवाहक मुख्यमंत्री' के रूप में जिम्मेदारी संभालने को कहा है। पार्टी के भीतर नेतृत्व की औपचारिक प्रक्रिया भी तेज हो गई है। भाजपा ने विधायक दल के नेता के चयन के लिए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को पर्यवेक्षक और नायब सिंह सैनी को सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। जल्द ही विधायक दल की बैठक में नेता के नाम पर अंतिम मुहर लगा दी जाएगी। इस बार असम की जनता ने एनडीए के पक्ष में जबरदस्त लहर दिखाई है। 126 सदस्यीय विधानसभा में एनडीए ने 102 सीटों पर शानदार जीत दर्ज कर विपक्ष का सूपड़ा साफ कर दिया है। लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी कर भाजपा और उसके सहयोगी दलों ने साबित कर दिया है कि विकास और सुरक्षा के मुद्दे पर जनता का भरोसा उनके साथ अडिग है। खानापारा में होने वाले इस मेगा इवेंट के लिए सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए जा रहे हैं। वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए शहर के यातायात रूट में बदलाव की तैयारी है। प्रशासन का लक्ष्य इस समारोह को न केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम, बल्कि असम की संस्कृति और विजय के उत्सव के रूप में पेश करना है।
 


संबंधित आलेख: