• Home
  • News
  • Grand finale of Vande Bharatam dance festival to be held in Delhi on 19th December! 73 groups with 949 dance artists from 4 zones

19 दिसम्बर को दिल्ली में आयोजित होगा वंदे भारतम्-नृत्य उत्सव का ग्रैंड फिनाले! 4 जोन के 949 नृत्य कलाकारों के साथ 73 समूह करेंगे

editor
  • Manoj Kumar
  • December 18, 2021 12:12 PM
Grand finale of Vande Bharatam dance festival to be held in Delhi on 19th December! 73 groups with 949 dance artists from 4 zones

नई दिल्ली। अखिल भारतीय वंदे भारतम्, नृत्य उत्सव का ग्रैंड फिनाले 19 दिसंबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम सभागार में आयोजित किया जाएगा। 4 जोन के 949 नृत्य कलाकारों के साथ 73 समूहों ने फाइनल प्रतियोगिता में जगह बनाई है। फाइनल में नृत्य कलाकार शीर्ष सम्मान के लिए स्पर्धा करेंगे और इन विजेताओं को जीवन में एक बार मिलने वाले अवसर के रूप में गणतंत्र दिवस परेड में अपनी प्रतिभा को दिखाने का मौका मिलेगा जिसे न केवल भारत में बल्कि दुनियाभर में देखा जाता है। ग्रैंड फिनाले में संस्कृति और विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी, रक्षा और पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट, प्रसिद्ध अभिनेत्री-गायिका-नृत्यांगना इला अरुण, शोभना नारायण, शिबानी कश्यप और सोनल मानसिंह के साथ-साथ कला और संस्कृति के क्षेत्र की कई अन्य हस्तियां मौजूद रहेंगी। रानी खानम और उनकी टीम वंदे भारतम् नामक विशेष रूप से कोरियोग्राफ की गई प्रस्तुति पेश करेगी और दिग्गज नृत्यांगना तनुश्री शंकर व उनकी मंडली उस दिन स्टार परफॉर्मर होगी।
वंदे भारतम् रक्षा मंत्रालय और संस्कृति मंत्रालय की एक अनूठी पहल है, जिसका आयोजन भारत की आजादी के 75 साल के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव के हिस्से के रूप में किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य देशभर से शीर्ष नृत्य प्रतिभाओं का चयन करना और गणतंत्र दिवस परेड 2022 के दौरान उन्हें अपना प्रदर्शन दिखाने का अवसर प्रदान करना है। क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए 200 से अधिक टीमों से 2400 से अधिक प्रतिभागियों को चुना गया था। क्षेत्रीय स्तर पर फाइनल प्रतियोगिता कोलकाता, मुंबई, बेंगलुरु और दिल्ली में 9 से 12 दिसंबर तक आयोजित हुई, जहां 104 समूहों ने एक सम्मानित जूरी और प्रशंसकों के सामने अपने नृत्य कौशल का प्रदर्शन किया। इस दौरान समूहों ने शास्त्रीय, लोक, आदिवासी और फ्यूजन जैसी विभिन्न नृत्य श्रेणियों में विशेष रूप से कोरियोग्राफ की गई नृत्य प्रस्तुति पेश की। ऐसे में पूरे भारत की प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। विभिन्न श्रेणियों में समाज के सभी वर्गों की उत्साहपूर्वक भागीदारी रही। सभी 4 जोन के इन 104 समूहों में से 949 नर्तकों के साथ 73 समूहों ने ग्रैंड फिनाले में जगह बनाई है, जो 19 दिसंबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम सभागार में आयोजित किया जाएगा। यहां नृत्य कलाकार शीर्ष सम्मान के साथ-साथ गणतंत्र दिवस परेड में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का मौका पाने के लिए स्पर्धा करेंगे, यह मौका जीवन में बार-बार नहीं मिलता है। परेड समारोह को न केवल भारत में बल्कि दुनियाभर में देखा जाता है। ग्रैंड फिनाले के शीर्ष 480 नृत्य कलाकारों को विजेता घोषित किया जाएगा और उन्हें 26 जनवरी 2022 को राजपथ, नई दिल्ली में होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में प्रस्तुति देने का सुनहरा अवसर मिलेगा। वंदे भारतम् प्रतियोगिता 17 नवंबर को जिले स्तर पर शुरू हुई थी और इसमें 323 समूहों में 3,870 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। जिले स्तर पर चुने गए प्रतिभागियों ने 30 नवंबर, 2021 से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया। 4 दिसंबर 2021 तक, इन 5 दिनों की अवधि में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 20 से अधिक वर्चुअल कार्यक्रम आयोजित किए गए। राज्य स्तर के लिए 300 से अधिक समूहों का चयन किया गया, जिसमें 3,000 से अधिक नृत्य कलाकार/प्रतिभागी शामिल थे। इस प्रकार, एक महीने तक इस आयोजन ने सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर अवसर पाने के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका दिया। ग्रैंड फिनाले प्रतियोगिता को वंदे भारतम् के आधिकारिक फेसबुक पेज और यूट्यूब चैनल के साथ-साथ वेबसाइट (vandebharatamnrityautsav.in) और मोबाइल एप्लीकेशन पर भी लाइव देखा जा सकता है।


संबंधित आलेख: