• Home
  • News
  • Great news for pension beneficiaries: CM Dhami releases ₹147 crore with a 'single click'; brings smiles to 9.91 lakh families.

पेंशन लाभार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी: सीएम धामी ने 'वन-क्लिक' से जारी किए ₹147 करोड़, 9.91 लाख परिवारों के खिले चेहरे

editor
  • Tapas Vishwas
  • September 04, 2026 01:09 PM
Great news for pension beneficiaries: CM Dhami releases ₹147 crore with a 'single click'; brings smiles to 9.91 lakh families.

देहरादून। उत्तराखंड के लाखों बुजुर्गों, विधवाओं, दिव्यांगजनों और जरूरतमंदों के लिए शुक्रवार का दिन बड़ी खुशखबरी लेकर आया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से डिजिटली 'वन-क्लिक' के माध्यम से समाज कल्याण विभाग की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत अगस्त माह की किस्त जारी कर दी। इस प्रक्रिया के तहत प्रदेश भर के 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 147 करोड़ 05 लाख रुपये की पेंशन धनराशि सीधे और पारदर्शी तरीके से हस्तांतरित की गई। इसके साथ ही, सरकार ने इस महीने 5,605 नए पात्र लाभार्थियों को भी पेंशन योजना की सौगात दी है।

उत्तराखंड में सामाजिक सुरक्षा पेंशन का इंतजार कर रहे लाखों लाभार्थियों को सरकार ने बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से समाज कल्याण विभाग की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत अगस्त 2026 की किस्त वन-क्लिक के माध्यम से जारी की। इसके तहत प्रदेश के 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के खातों में 147 करोड़ 05 लाख रुपये की पेंशन राशि भेजी गई। वहीं अगस्त माह में अलग-अलग पेंशन योजनाओं के तहत 5,605 नए लाभार्थियों की पेंशन भी स्वीकृत की गई है। सरकार की ओर से वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन योजनाओं के माध्यम से पात्र लोगों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के कमजोर, जरूरतमंद और वंचित वर्गों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का प्रयास है कि पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के सरल और समयबद्ध तरीके से मिले। मुख्यमंत्री धामी ने पेंशन योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने विशेष रूप से आधार से जुड़ी समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि जिन पात्र लाभार्थियों का किसी कारणवश आधार नहीं बन पा रहा है, उन्हें चिन्हित किया जाए। ऐसे लाभार्थियों के लिए अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे आधार संबंधी दिक्कत के कारण किसी पात्र व्यक्ति की पेंशन रुकने की स्थिति नहीं बनेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पेंशन व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और पूरी तरह लाभार्थी केंद्रित बनाने को कहा। प्रस्तुतीकरण के दौरान बताया गया कि अगस्त 2026 में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के कुल 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के लिए 147 करोड़ 05 लाख 51 हजार रुपये की धनराशि निर्धारित की गई। इनमें 2 लाख 14 हजार 711 लाभार्थी राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (एनएसएपी) के अंतर्गत आते हैं, जबकि 7 लाख 77 हजार 203 लाभार्थी राज्य स्तर पर संचालित योजनाओं से आच्छादित हैं। अगस्त की पेंशन राशि में करीब 140 करोड़ 11 लाख रुपये राज्यांश और 6 करोड़ 94 लाख रुपये केंद्रांश शामिल है। वन-क्लिक के माध्यम से सीधे खातों में भुगतान किए जाने से लाभार्थियों को भुगतान प्राप्त करने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। अगस्त माह में कुल 5,605 नई पेंशन स्वीकृत की गई हैं। इनमें वृद्धावस्था पेंशन के सबसे अधिक 3,945 लाभार्थी शामिल हैं। इसके अलावा 1,000 विधवा, 416 दिव्यांग, 106 किसान और 23 परित्यक्ता पेंशन के लाभार्थियों को मंजूरी मिली है। वहीं 115 लाभार्थियों को भरण-पोषण अनुदान स्वीकृत किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल पेंशन राशि का भुगतान करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि राज्य का कोई पात्र नागरिक सामाजिक सुरक्षा के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए पेंशन व्यवस्था को लगातार अधिक सरल और पारदर्शी बनाया जा रहा है। सरकार के इस कदम से एक ओर मौजूदा लाभार्थियों को समय पर पेंशन मिलने की व्यवस्था मजबूत हुई है, वहीं दूसरी ओर हजारों नए पात्र लोगों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में शामिल किया गया है। आधार से जुड़ी अड़चनों के बावजूद अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था का निर्देश पेंशन लाभार्थियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


संबंधित आलेख: