• Home
  • News
  • Hair-raising road accident: Coal-laden truck crushes passenger vehicle; 8 members of a music band killed.

रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा: कोयला लदे ट्रक ने सवारी गाड़ी को कुचला, बैंड पार्टी के 8 सदस्यों की मौत

editor
  • Tapas Vishwas
  • June 26, 2026 12:06 PM
Hair-raising road accident: Coal-laden truck crushes passenger vehicle; 8 members of a music band killed.

रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले से एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बीती रात रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी-बरलौंग (बुध बाजार) के पास रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (NH-23) पर कोयला लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने सवारियों से भरे वाहन को सीधी और जोरदार टक्कर मार दी। इस दिल दहला देने वाले हादसे में वाहन में सवार सभी 8 लोगों की मौत हो गई है। मृतक स्थानीय बैंड-ताशा पार्टी के सदस्य थे, जो एक शादी या कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे। इस भयावह दुर्घटना में तीन मृतक एक ही परिवार के थे, जबकि दो आपस में सगे भाई थे। इस घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, भीषण टक्कर इतनी जोरदार थी कि सवारी वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग लहूलुहान होकर मलबे में तब्दील हो चुकी गाड़ी में ही फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, रजरप्पा थाना प्रभारी और कई थानों की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को मलबे से बाहर निकाला और तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया। सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि अस्पताल लाने के क्रम में ही 7 लोगों की मौत हो चुकी थी, जिन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, एक अन्य व्यक्ति की हालत अत्यंत नाजुक होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स अस्पताल रेफर किया गया था। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था; रिम्स में इलाज के दौरान आठवें व्यक्ति ने भी दम तोड़ दिया। इसकी पुष्टि मृतक के रिश्तेदारों ने की है। इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग मारगमर्चा और बलसगरा गांव के रहने वाले थे, जो ताशा-बैंड बजाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। मृतकों की पहचान अनोद कुमार,डेविड करमाली,पप्पू करमाली,पवन करमाली,अशोक कुमार,शक्ति कुमार,हेमंत कुमार महतो,मनीष कुमारम के रूप में हुई। ताशा पार्टी से जुड़े पिंटू ने बताया कि बलसगरा गांव के दो लोग सवारी गाड़ी लेकर मारगमर्चा आए थे और वहां से बैंड पार्टी के अन्य 6 सदस्यों को लेकर वापस बलसगरा लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह काल बनकर आया ट्रक उनकी खुशियों को लील गया। रामगढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक रंजन ने दुर्घटना के संबंध में बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि कोयला लदा ट्रक बेहद तेज रफ्तार में था और ओवरटेक करने के चक्कर में रॉन्ग साइड (गलत दिशा) में चला गया। सामने से आ रही सवारी गाड़ी ट्रक की गति और भारी वजन के आगे टिक नहीं सकी। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। इस भीषण हादसे की खबर फैलते ही मृतकों के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने एनएच-23 को पूरी तरह जाम कर दिया और जिला प्रशासन व परिवहन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थानीय लोगों का कहना है कि लारी-बरलौंग के पास का यह इलाका 'ब्लैक स्पॉट' बन चुका है। महज चार दिनों के भीतर इसी स्थान पर अलग-अलग हादसों में 10 लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। जाम की सूचना पर एसडीपीओ आलोक रंजन, रजरप्पा थाना पुलिस और भारी संख्या में पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। प्रशासन द्वारा काफी समझाने-बुझाने, उचित मुआवजा और ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात बहाल हो सका। फिलहाल पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
 


संबंधित आलेख: