• Home
  • News
  • Haldwani accident: A missed mobile phone became a death knell, three youths died in a late-night scooter-car collision, families were devastated.

हल्द्वानी हादसा: एक छूटा हुआ मोबाइल बना काल, देर रात स्कूटी-कार भिड़ंत में तीन युवकों की मौत, परिवारों में मचा कोहराम

editor
  • Awaaz Desk
  • April 20, 2026 10:04 AM
Haldwani accident: A missed mobile phone became a death knell, three youths died in a late-night scooter-car collision, families were devastated.

हल्द्वानी। हल्द्वानी के पास टांडा जंगल क्षेत्र में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब तीनों दोस्त एक शादी समारोह से लौटने के बाद अपना छूटा हुआ मोबाइल लेने दोबारा हल्द्वानी जा रहे थे। बताया जा रहा है कि स्कूटी सवार तीनों युवकों की सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। जानकारी के अनुसार जसपुर के महुवाखेड़ा मजरा निवासी 20 वर्षीय अनिकेत, जो नोएडा की एक निजी कंपनी में कार्यरत था, अपने दोस्तों के साथ हल्द्वानी में एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। अनिकेत सुबह रुद्रपुर पहुंचा और वहां से अपने मित्र आकाश, निवासी रामपुर के पंतनगर स्थित कमरे पर गया। इसके बाद दोनों अपने तीसरे दोस्त रोहन, निवासी बगड़ी रुड़की के साथ स्कूटी से हल्द्वानी में आयोजित शादी समारोह में शामिल हुए। रात में समारोह से लौटने के बाद तीनों युवक पंतनगर वापस पहुंच गए थे, लेकिन तभी उन्हें पता चला कि उनका एक मोबाइल हल्द्वानी में ही छूट गया है। मोबाइल लेने के लिए तीनों दोस्त देर रात करीब 12 बजे दोबारा स्कूटी से हल्द्वानी के लिए निकल पड़े। जब वे संजय नगर से आगे टांडा जंगल के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार से उनकी सीधी टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण कि नहीं बच सकी जान
हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं कार के भी एयरबैग खुल गए, जिससे टक्कर की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना आमने-सामने की टक्कर के कारण हुई है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने में सुरक्षित रख लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


संबंधित आलेख: