हल्द्वानीः कुमाऊं आयुक्त के दरबार में उमड़े फरियादी! देवलीधार-सुई मोटर मार्ग की होगी जांच, अधिकारियों से मौके पर ही करवाया समस्याओं का समाधान
हल्द्वानी। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने आज कैम्प कार्यालय में जनता दरबार लगाकर जनमानस की समस्यायें सुनी और अधिकांश समस्याओं का मौके पर विभाग एवं शिकायकर्ता के साथ वार्ता कर समाधान किया। दरबार में कुमाऊं मण्डल से सैकडों फरियादी कैम्प कार्यालय पहुंचे। इस दौरान भूमि सम्बन्धी विवाद, पानी, सडक, विद्युत, घरेलु विवाद आदि की समस्यायें दर्ज हुईं। इस मौके पर ओखलकांड ब्लाक के क्षेत्रवासियों ने आयुक्त को अवगत कराया कि देवलीधार-सुई मोटर मार्ग का फेज का कार्य पीएमजीएसवाई द्वारा किया जा रहा है। क्षेत्रवासियों द्वारा बताया गया कि मोटर मार्ग में कई खामियां है। मानकों के अनुरूप मोटर मार्ग की निर्धारित चौडाई 6 मीटर है लेकिन ठेकेदार द्वारा कई स्थानों पर सडक की चौडाई 3 मीटर की गई है तथा मोटर मार्ग पर जो कलवर्ट बने है उनकी गुणवत्ता निम्नकोटी होने के कारण क्षतिग्रस्त हो गये हैं। सडक का एलाईमेंट भी मानकों के अनुसार नही किया गया है कई स्थानों पर सडक का एलाईमेंट परिवर्तित कर दिया गया है तथा मोटर मार्ग पर बने बीम भी क्षतिग्रस्त हो चुके है। क्षेत्रवासियों ने मोटर मार्ग के जांच की मांग की जिस पर आयुक्त श्री रावत ने चीफ अभियंता लोनिवि से जांच कर शीघ्र ही जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। आयुक्त ने कहा कि जांच मे कोई भी कमी पाई जाती है तो ठेकेदार का भुगतान नही किया जायेगा। हल्द्वानी कालाढूंगी निवासी बृजेश खन्ना ने बताया कि हल्द्वानी फर्नीचर मार्ट के निकट जीएसटी सुविधा केन्द्र के नीचे से सरकारी नाली बना हुआ है जिससे वर्षाकाल में पानी का निकास होता है लेकिन जीएसटी सुविधा केन्द्र द्वारा नाले पर अतिक्रमण कर दिया है इससे कालाढूगी रोड पर वर्षाकाल में जलभराव होता है जिस पर आयुक्त ने नगर आयुक्त को जांच कर आख्या शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। दरबार में हल्दूचौड निवासी नीतू पाण्डे ने अन्त्योदय कार्ड बनाने की मांग की। वहीं तिकोनियां निवासी हरजोध सिंह ने सिख समाज के लोगों के लिए पूरनपुर-पीलीभीत-खटीमा से नानकमत्ता तक बस चलाने की मांग की।