• Home
  • News
  • Haldwani: Divisional Commissioner Deepak Rawat listened to public issues and directed the speedy resolution of issues ranging from road construction to land disputes and fraud.

हल्द्वानीः मण्डलायुक्त दीपक रावत ने सुनीं जन समस्याएं! सड़क निर्माण से लेकर भूमि विवाद और धोखाधड़ी तक के मामलों में दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

editor
  • Awaaz Desk
  • May 16, 2026 11:05 AM
Haldwani: Divisional Commissioner Deepak Rawat listened to public issues and directed the speedy resolution of issues ranging from road construction to land disputes and fraud.

हल्द्वानी। मण्डलायुक्त दीपक रावत ने कैंप कार्यालय हल्द्वानी में जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान जनता की समस्याओं को सुना और अधिकांश जन समस्याओं को मौके पर ही निस्तारित किया। इन समस्याओं में भूमि विवाद, भरण पोषण, जाति-स्थाई एवं जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, सड़क निर्माण और धोखाधड़ी जैसे गम्भीर प्रकरणों पर त्वरित कार्यवाही की और संबंधित अधिकारियों को भी निर्देशित किया। इस दौरान बागेश्वर निवासी क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मण कुमार उर्फ लच्छू पहाड़ी ने अवगत कराया कि डोकरा से सेल कोन तक कुल 5 किलोमीटर सड़क पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाई जानी है जिसके बनने से करीब 300 परिवारों को लाभ होगा, लेकिन अभी तक वह सड़क एक साल से गतिमान है। इसी प्रकार थोलिया बजानी से मिजुलिया तक पीएमजीएसवाई द्वारा 10 किलोमीटर की सड़क बनाई जानी है जिसका लाभ क्षेत्र के 200 परिवारों को मिलेगा, जिसकी प्रक्रिया विगत 1 साल से गतिमान है।

इसके शीघ्र निर्माण हेतु लच्छू पहाड़ी ने कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत से अनुरोध किया है। इस संबंध में कुमाऊं आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर शीघ्र निर्माण कार्य की कार्यवाही किए जाने का आश्वासन दिया। जनसुनवाई में गोलापार से आए शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके घर से 50 मीटर दूरी पर मुर्गी फार्म है जिसमें 2000 मुर्गियां वर्तमान में मौजूद हैं जहां से अत्यधिक दुर्गंध आती है जिस कारण वहां रहना मुश्किल होता जा रहा है जिसे वहां से हटाने के लिए अनुरोध किया। इस संबंध में कुमाऊं आयुक्त ने संबंधित मुर्गी फार्म स्वामी को निर्देशित किया कि मुर्गी फॉर्म की निष्प्रयोजित सामग्री के निस्तारण की उचित व्यवस्था की जाए और साफ सफाई, ट्रीटमेंट प्लांट व मैनेजमेंट की व्यवस्था कर लें। कुमाऊं आयुक्त ने संबंधित आरओ प्रदूषण को जांच कर मुर्गी फार्म को नियम विरुद्ध होने पर उचित कार्रवाई करने के लिए कहा। संबंधित फार्म स्वामी को प्रदूषण मानकों का अनुपालन करने के भी निर्देश दिए। जू रोड तल्लीताल नैनीताल निवासी मनोहर सिंह द्वारा अवगत कराया कि ग्राम सभा भांगादेवली, पट्टी मोतियापाथर तहसील लमगड़ा में बाहरी व्यक्ति आदिल नार्गोलवाला द्वारा अपने 6 परिजनों के नाम से प्रत्येक नाम पर ढाई सौ वर्ग मीटर भूमि क्रेय की है जिनके द्वारा वन पंचायत की भूमि पर मोटर मार्ग बनाया गया।

जिस संबंध में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने संबंधित उप जिला अधिकारी और तहसीलदार को निर्देशित किया कि इस प्रकरण उचित ढंग से जांच की जाए और अनुचित पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। शिकायतकर्ता सावल्दे पश्चिम सेमलखलिया रामनगर निवासी गोविंद सिंह ने अवगत कराया कि लल्लू पुत्र झब्बू जो उत्तराखंड निवासी थे और अविवाहित थे। जिनके नाम रामनगर उत्तराखंड में भूमि थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि यासीन, यामीन, सलीम और इदरीश जो कि ठाकुरद्वारा मुरादाबाद के निवासी हैं के द्वारा लल्लू पुत्र झब्बू के गलत प्रमाण पत्र बनाकर उनकी भूमि पर वारिसान नाम दर्ज किया गया है। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने इस प्रकरण की जांच हेतु तहसीलदार, रामनगर को इस प्रकरण की जांच शीघ्र उचित कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया‌। इसके अतिरिक्त कुमाऊं आयुक्त द्वारा अन्य शिकायतों का भी निस्तारण किया।

 


संबंधित आलेख: