हल्द्वानीः तिकोनिया चौराहा के पास बनी पार्किंग पर उठाए सवाल! समाजसेवियों ने शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने का लगाया आरोप
हल्द्वानी। नगर के कुछ समाजसेवियों ने तिकोनिया चौराहा बुद्ध पार्क के पास बनी पार्किंग को लेकर सवाल खड़े किए हैं। समाजसेवी हेमंत गोनिया ने बताया कि विगत 10 मई 2022 को उन्होंने अपने साथी समाजेसवी महेन्द्र सिंह धोनी, बृजेश वर्मा, अतुल बिष्ट, एके गुप्ता आदि के साथ मिलकर नगर मजिस्ट्रेट को एक शिकायती पत्र सौंपा था, जिसमें तिकोनिया चौराहा बुद्ध पार्क के पास बनी टैक्सी पार्किंग से जनता को हो रही परेशानियों को रखा गया था।

पत्र में बताया गया कि उक्त पार्किंग स्थल पर लगभग 8 से 10 टैक्सी खड़ी रहती हैं और रास्ते के बीच में टैक्सी पार्क की जाती है, जिससे आने-जाने वाले लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कहा गया कि हाईकोर्ट के निर्देश हैं कि ठंडी रोड पर टैक्सी खड़ी नहीं होनी चाहिए। साथ ही बताया कि शिकायती पत्र देने के बाद अवैध टैक्सी मालिकों द्वारा उन्हें धमकी भी दी जा रही है। बताया कि इसके बाद एक और शिकायती पत्र 11 मई 2022 को नगर मजिस्ट्रेट को दिया गया। जिसका संज्ञान लेते हुए नगर मजिस्ट्रेट द्वारा उक्त मामले को जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, संभागीय परिवहन अधिकारी को भेजा गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

हेमंत गोनिया ने बताया कि इसके बाद उन्होंने आरटीआई में शिकायती पत्र पर कार्रवाई की जानकारी मांग तो मामला पुलिस प्रशासन को भेजने का हवाला दिया गया। हेमंत गोनिया का कहना है कि अधिकारियों द्वारा इस मामले में उदासीनता बरती जा रही है और अवैध पार्किंग संचालकों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने चेताते हुए कहा कि अगर इस मामले का समाधान नहीं हुआ तो शीघ्र ही राज्यपाल और मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाई जायेगी।