हर-हर महादेवः शिवरात्रि पर मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब! हर तरफ गूंजे भोलेनाथ के जयकारे, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं
देहरादून। प्रदेशभर में शिवरात्रि का पर्व आस्था के साथ मनाया जा रहा है। देर रात से ही शिवालयों में भक्तों का तांता लगा हुआ है, उत्साह और आस्था के साथ भक्तजन मंदिरों में उमड़ रहे हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक कर रहे हैं। हर तरफ भगवान शिव के जयकारे गूंज रहे हैं। देहरादून के टपकेश्वर मंदिर में रात 12 बजे से भगवान शिव की पूजा अर्चना शुरू हो गई। शनिवार को यहां दर्शन के लिए लंबी कतार लगी रही। वहीं शनिवार को दिनभर श्रद्धालु जलाभिषेक कर सकेंगे। उधर शिवरात्रि के पावन मौके पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि महाशिवरात्रि भगवान शिव एवं मां पार्वती के विवाह का पावन दिन है। यह शिव-शक्ति के मिलन का पर्व है। भारतीय संस्कृति में इस पर्व का अत्यंत महत्व है। राज्यपाल ने महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान भोलेनाथ से प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की है। वहीं मुख्यमंत्री धामी ने अपने संदेश में कहा कि यह पावन पर्व शिव एवं शक्ति की आराधना का पर्व है। समाज को प्रेम एवं सद्भाव का संदेश भी यह पर्व देता है। मुख्यमंत्री ने इस पावन पर्व पर प्रदेशवासियों की खुशहाली एवं समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व असत्य से सत्य की ओर ले जाने की राह भी प्रशस्त करता है।