हरिद्वार: रुड़की में 10वीं की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म,दो ग्रामीणों सहित चार पर मुकदमा दर्ज
रुड़की। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। रुड़की के भगवानपुर थाना क्षेत्र में 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ चार युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की निवासी है। परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया है कि उनके ही गांव के रहने वाले एक युवक ने नाबालिग छात्रा को पहले अपने विश्वास में लिया और उसे बहला-फुसलाकर भगवानपुर थाना क्षेत्र में ले गया। वहां आरोपी युवक ने छात्रा के साथ जबरन दुष्कर्म किया। हैवानियत यहीं नहीं रुकी, इसके बाद वहां मौजूद युवक के तीन अन्य दोस्तों ने भी बारी-बारी से नाबालिग के साथ दरिंदगी की।इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की है। भगवानपुर थाना अध्यक्ष राजीव रौथाण ने बताया कि नामजद चार आरोपियों में से दो युवक पीड़िता के ही गांव के रहने वाले हैं। अन्य दो आरोपियों में से एक मंगलौर क्षेत्र का है और एक उत्तर प्रदेश का निवासी बताया जा रहा है। आरोपियों की पहचान सुनिश्चित कर ली गई है और पुलिस की टीमें उनकी धरपकड़ के लिए दबिश दे रही हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण ने बताया, तहरीर के आधार पर पॉक्सो एक्ट और सामूहिक दुष्कर्म सहित संबंधित सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है, ताकि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस के अनुसार, मामला दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों (मंगलौर और भगवानपुर) से जुड़ा होने के कारण साक्ष्यों का संकलन बारीकी से किया जा रहा है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में भारी रोष व्याप्त है और ग्रामीण आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच पूरी होते ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा और मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।