• Home
  • News
  • Healthy women empowered family campaign will start in Haryana from September 17

17 सितंबर से हरियाणा में शुरू होगा स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान

  • Tapas Vishwas
  • September 12, 2025
Healthy women empowered family campaign will start in Haryana from September 17

चंडीगढ़। हरियाणा सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य और परिवारिक सशक्तिकरण को नई दिशा देने के लिए 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रदेशभर में व्यापक ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान शुरू करने जा रही है। इस महत्वाकांक्षी पहल का शुभारंभ रोहतक से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी संयुक्त रूप से करेंगे। यह दिन विशेष होगा क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपने जन्मदिवस पर मध्य प्रदेश से इस राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत करेंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज चंडीगढ़ में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक हुई। बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया और सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान का हर चरण प्रभावी और सुचारू रूप से संचालित हो। रस्तोगी ने बताया कि रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के परिसर में विशेष स्वास्थ्य कियोस्क स्थापित किए जाएंगे। यहां महिलाओं की संपूर्ण स्वास्थ्य जांच की जाएगी, जिसमें उच्च रक्तचाप, कैंसर, एनीमिया और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की स्क्रीनिंग प्रमुख रूप से शामिल होगी। इसके अलावा विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम स्वास्थ्य परामर्श भी देगी ताकि महिलाओं को समय पर उपचार और मार्गदर्शन मिल सके। अभियान के तहत न केवल स्वास्थ्य जांच होगी बल्कि महिलाओं में स्वास्थ्य जागरूकता को भी बढ़ावा दिया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार इस पहल से हजारों महिलाओं को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और उन्हें रोगों की प्रारंभिक पहचान तथा रोकथाम के उपायों की जानकारी उपलब्ध होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह अभियान हरियाणा में महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर एक नई जागरूकता लाएगा और परिवार की संपूर्ण भलाई सुनिश्चित करेगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों तक अभियान की पहुंच सुनिश्चित की जाए ताकि कोई भी महिला इससे वंचित न रहे। सरकार का दावा है कि यह पहल महिलाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करेगी और परिवार को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगी।
 


संबंधित आलेख: