• Home
  • News
  • Heartbreaking farewell: A massive crowd gathers for the final journey of seven people, including two soldiers and three innocent children! Kotdwar plunged into grief.

हृदयविदारक विदाईः दो जवानों और तीन मासूम बच्चों समेत सात लोगों की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब! शोक में डूबा कोटद्वार

editor
  • Awaaz Desk
  • November 23, 2026 07:11 AM
 Heartbreaking farewell: A massive crowd gathers for the final journey of seven people, including two soldiers and three innocent children! Kotdwar plunged into grief.

कोटद्वार। गुजरात के कच्छ में हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले कोटद्वार निवासी सैन्य परिवार के सातों सदस्यों के पार्थिव शरीर सोमवार सुबह कोटद्वार पहुंचाए गए। सातों शवों को पहले कौड़िया स्थित आर्मी कैंप लाया गया, जहां से पूर्ण सैन्य सम्मान और शोकाकुल परिजनों की मौजूदगी में उन्हें उनके पैतृक आवासों तक पहुंचाया गया। पार्थिव शरीर घरों पर पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में कोहराम मच गया और हर आंख नम हो गई। गमगीन माहौल के बीच दिवंगत आत्माओं की अंतिम यात्रा शुरू हुई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। नायक राजेश सिंह रावत का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए उनके आवास से मुक्तिधाम के लिए रवाना किया गया। इस दुखद घड़ी में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने दिवंगत राजेश सिंह रावत के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। अन्य मृतकों के पार्थिव शरीरों को भी अंतिम दर्शन के पश्चात कोटद्वार के मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे कोटद्वार क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। गौरतलब है कि इस दर्दनाक हादसे में सेना के दो जवानों, उनकी पत्नियों और तीन मासूम बच्चों की जान गई है, जिनमें महज तीन महीने की एक दुधमुंही बच्ची भी शामिल है। जानकारी के अनुसार, परिवार बेटी के जन्मदिन के अवसर पर खुशियां मनाने गुजरात गया था। कच्छ का रण घूमने के बाद शनिवार रात परिवार कार से वापस लौट रहा था, तभी रास्ते में उनकी कार एक ट्रॉले से टकरा गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह दो हिस्सों में बंट गई, जिससे कार सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतकों में ध्रुव विहार निवासी नायक सौरभ सिंह नेगी, उनकी पत्नी सविता नेगी और तीन माह की पुत्री शिविका नेगी, मोटाढाक निवासी रिंकी गुसाईं और उनकी चार वर्षीय पुत्री वामिका गुसाईं तथा सिंबलचोड़ निवासी नायक राजेश सिंह रावत और उनकी सात वर्षीय पुत्री रक्षिता शामिल हैं। इस भीषण दुर्घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख तथा घायलों को 50,000 की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। 


संबंधित आलेख: