• Home
  • News
  • Heavy rain alert from Uttarakhand Meteorological Department! Ban on Gangotri and Yamunotri Yatra including Kedarnath

उत्तराखंड मौसम विभाग का भारी बारिश का अलर्ट! केदारनाथ सहित गंगोत्री और यमुनोत्री यात्रा पर लगाई रोक

editor
  • Awaaz24x7 Team
  • October 17, 2021 10:10 AM
Heavy rain alert from Uttarakhand Meteorological Department! Ban on Gangotri and Yamunotri Yatra including Kedarnath

देहरादून। शासन-प्रशासन ने उत्तराखण्ड में केदारनाथ सहित गंगोत्री और यमुनोत्री यात्रा पर फिलहाल रोक लगा दी है। बताया जा रहा है कि भारी बारिश के अलर्ट के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है। वहीं जिन श्रृद्धालुओं ने गंगोत्री और यमुनोत्री पहुंचकर भगवान के दर्शन कर लिए हैं उन्हें अपने सुरक्षित गंतव्य को जाने का कहा गया है। वहीं मौसम विभाग ने प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश के मद्देनजर तीन धामों की यात्रा पर रोक लगा दी गई है। हालांकि, बदरीनाथ धाम की यात्रा अभी जारी है। रविवार सुबह से ही राज्‍य के इलाकों में बारिश हो रही है। एहतियातन केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा को फिलहाल रोक दिया गया है। रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी मनुज गोयल ने बताया कि यात्रियों को सोनप्रयाग से आगे नहीं जाने दिया जा रहा है। धाम में पहुंचे यात्रियों को दर्शन के बाद वापस भेजा जा रहा है। यात्रा के मुख्‍य पडावों पर पुलिस और एसडीआरएफ को मदद के लिए तैनात किया गया है। इधर, उत्तरकाशी जिला प्रशासन ने भी गंगोत्री व यमुनोत्री यात्रा को फ़िलहाल रोक दिया है। गंगोत्री और यमुनोत्री में जिन यात्रियों ने दर्शन कर लिए हैं, उन्‍हें सुरक्षित गंतव्य को जाने को कहा जा रहा है। यमुनोत्री जाने वाले यात्रियों को बडकोट में रोका गया है, जबकि गंगोत्री जाने वाले यात्रियों को उत्तरकाशी और भटवाड़ी के पास रोका जा रहा है। गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम में बारिश और बर्फबारी के आसार बने हुए हैं। वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन विभाग, पुलिस प्रशासन और सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, आपदा प्रबंधन विभाग ने इस चेतावनी के मद्देनजर सभी स्थानीय निवासियों और यात्रियों से सतर्कता बरतने, नदी नालों से दूरी बनाने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। उत्तराखंड की यात्रा पर आ रहे यात्रियों और यात्रा करने वाले सभी लोगों से भी अनुरोध किया गया है कि वे मौसम की चेतावनी को देखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं। प्रयास करें कि इस अवधि में यात्रा करने से बचें।


संबंधित आलेख: